हमने नारी शक्ति वंदन एक्ट लाकर अपनी प्रतिबद्धता पूरी कर ली है और इसे 2029 के चुनावों में लागू करने का लक्ष्य रखा है: स्थापना दिवस पर पीएम मोदी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आदर्शों से प्रेरित होकर, भाजपा ने 'स्वच्छ और मूल्य-आधारित शासन' की प्रतिबद्धता के साथ राजनीति में प्रवेश किया: पीएम मोदी
भारत अपने जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले हासिल कर रहा है और उसने अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता, विशेष रूप से सौर ऊर्जा में, उल्लेखनीय वृद्धि की है: पीएम मोदी
भाजपा ने विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखा है, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज सहित भारत के सभी महान व्यक्तित्वों को उचित मान्यता सुनिश्चित की है, साथ ही खादी को भी बढ़ावा दिया है: प्रधानमंत्री
भाजपा ने GST के साथ एक राष्ट्र एक कर, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड और एक राष्ट्र एक ग्रिड जैसी पहलों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है: पीएम मोदी

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है, जिसने ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को भारत की राजनीति का केंद्र बना दिया। उन्होंने कहा करोड़ों मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और तितिक्षा से भाजपा आज देश की सबसे भरोसेमंद पार्टी बनी है। भाजपा आने वाले समय में घुसपैठ, भ्रष्टाचार, परिवारवाद तथा गुलामी की मानसिकता जैसी चुनौतियों से देश को मुक्त कर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प भी पूरा करेगी।

पार्टी के संस्थापकों और वरिष्ठ नेताओं को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए प्रधानमंत्री ने अनेक महान विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की राष्ट्रभक्ति ने भाजपा की वैचारिक और संगठनात्मक नींव को मजबूत किया। पार्टी नेतृत्व की नई ऊर्जा का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि संगठन नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। जिन पांच राज्यों में चुनाव चल रहे हैं, वहां भाजपा के कार्यकर्ताओं और संगठन में नई कार्यशैली और नया जोश दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब भाजपा के पास न सत्ता थी, न संसाधन और न ही सुविधाएं थीं। उस दौर में भाजपा कार्यकर्ता का एक पैर रेल में और दूसरा जेल में होता था।

भाजपा कार्यकर्ताओं की अटूट आस्था और साहस का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कभी भविष्य पर से भरोसा नहीं खोया। आपातकाल, कांग्रेस के षड्यंत्र, राजनीतिक बहिष्कार की कोशिशें और कई राज्यों में हिंसा के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता कभी डिगे नहीं। बंगाल और केरल जैसे राज्यों में राजनीतिक हिंसा के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा का अपना संकल्प बनाए रखा। पार्टी की उपलब्धियों के पीछे समर्पित कार्यकर्ताओं की नीयत, नीति और निष्ठा की लंबी यात्रा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से मिली प्रेरणा ने भाजपा को शुचिता और साफ नीयत के साथ राजनीति करने की दिशा दी। जनसंघ और भाजपा के शुरुआती वर्षों में संगठनात्मक नीतियों को मजबूत किया गया और बाद में पार्टी ने खुद को एक मजबूत कैडर आधारित संगठन के रूप में स्थापित किया।

भाजपा की सेवाभाव और जनकल्याण की राजनीति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद पार्टी ने हमेशा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। चाहे आपदा का समय हो या समाज में कोई सकारात्मक परिवर्तन, भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच उपस्थित रहे। इसी सेवाभाव ने लोगों का भाजपा पर विश्वास लगातार मजबूत किया। कांग्रेस की सत्ता आधारित और भाजपा की सेवा आधारित राजनीति की तुलना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के बाद देश ने देखा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए जनता के विश्वास के साथ किस प्रकार विश्वासघात कर रही थी। इसी दौरान भाजपा के प्रति जनता का भरोसा बढ़ा और देश की राजनीति में दो स्पष्ट धाराएं सामने आईं। एक ओर जहां सत्ता के लिए, वहीं दूसरी ओर सेवा के लिए राजनीति थी। भाजपा ने अपने आचरण से देश में ‘राष्ट्र प्रथम’ की राजनीति को स्थापित किया और राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि बनाया।

गठबंधन राजनीति में भाजपा की भूमिका पर पीएम मोदी ने कहा कि देश में अनेक गठबंधन बने, लेकिन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर गठबंधन बनाने का कार्य भाजपा ने ही किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए आज 25 वर्षों से अधिक पुराना हो चुका है और लगातार उसका विस्तार यह दर्शाता है कि भाजपा क्षेत्रीय आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए सर्वसमावेशी राजनीति करती है। भाजपा के गवर्नेंस मॉडल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने परिवारवादी और वंशवादी राजनीति के साथ-साथ लेफ्ट का मॉडल भी देखा है, लेकिन भाजपा ने स्थिर नीति और स्थिर सरकार के आधार पर अपना अलग मॉडल प्रस्तुत किया है। भाजपा ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया। यही कारण है कि आज इसकी पहचान वादों को पूरा करने वाली पार्टी के रूप में बनी है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 1994 में महिला आरक्षण का प्रस्ताव पारित किया था और संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया था। सत्ता में आने के बाद भाजपा ने महिला आरक्षण का वादा पूरा किया। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा आज गुड गवर्नेंस और लास्ट माइल डिलीवरी का प्रतीक बन चुकी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए भाजपा सरकार ने सैचुरेशन मॉडल अपनाया, जिसके परिणामस्वरूप 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल पाए।

जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसके लिए बलिदान दिया था। दशकों तक अनुच्छेद 370 देश की एकता और अखंडता के लिए चुनौती बना रहा, लेकिन भाजपा ने देश से किए अपने वादे को पूरा करते हुए इसे समाप्त किया। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी हमेशा आतंकवाद के खिलाफ कठोर रुख अपनाती रही है। आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, सीमाओं पर सुरक्षा मजबूत हो रही है और सीमावर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ भी भाजपा सरकार ने निर्णायक कार्रवाई की है।

देश की वैश्विक भूमिका पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ पूरी दुनिया को एक परिवार मानता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत दुनिया में समान दूरी नहीं, बल्कि समान निकटता बनाकर चलने की नीति पर काम कर रहा है। कांग्रेस ने हमेशा केवल एक परिवार को प्राथमिकता दी, जबकि भाजपा देश की हर महान विभूति को सम्मान दे रही है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर पराक्रम दिवस, अंडमान के द्वीपों का नामकरण, आजाद हिंद फौज को सम्मान और खादी तथा स्वदेशी को बढ़ावा देने जैसे अनेक कार्य भाजपा सरकार ने किए हैं। भविष्य की चुनौतियों पर पीएम ने कहा कि घुसपैठ, भ्रष्टाचार, परिवारवाद, गुलामी की मानसिकता और बदलती जनसांख्यिकी जैसे विषयों पर भाजपा गंभीरता से काम कर रही है। इन चुनौतियों से देश को मुक्त कराने की जिम्मेदारी भाजपा ही निभा सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों काले कानूनों को समाप्त करना, नए संसद भवन का निर्माण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, सीएए कानून और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे अनेक कार्य भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता के उदाहरण हैं। अब यूनिफॉर्म सिविल कोड और वन नेशन-वन इलेक्शन जैसे विषयों पर भी देश में गंभीर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि कुछ ही वर्षों में भाजपा अपने 50 वर्ष पूरे करने जा रही है। ये बहुत बड़ा पड़ाव है, बहुत बड़ी प्रेरणा है। हमें नए लक्ष्यों का मंथन भी करना है और बदलती टेक्नोलॉजी के इस जमाने में खुद को ढालना भी है।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
From strategic partnership upgrade to defence roadmap: Key outcomes of PM Modi–Meloni meeting in Rome

Media Coverage

From strategic partnership upgrade to defence roadmap: Key outcomes of PM Modi–Meloni meeting in Rome
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 21 मई 2026
May 21, 2026

Appreciation by Citizens on Leadership That Delivers: PM Modi's Journey of Development, Diplomacy & Farmer-First Progress