4 मई को बंगाल में बीजेपी की जीत होगी… "मिठाई भी बांटी जाएगी और झालमुड़ी भी”: कृष्णानगर रैली में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने बंगाल में महिलाओं के लिए 10 गारंटियों का ऐलान किया और उन्हें पूरा करने का वादा किया।
बंगाल में बदलाव की मजबूत लहर दिख रही है, जिसे महिलाएं और युवा आगे बढ़ा रहे हैं। राज्य अब भ्रष्टाचार, भय और सिंडिकेट राज को खत्म करने के लिए तैयार है: मथुरापुर में पीएम मोदी
बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कोल्ड स्टोरेज, मछली एक्सपोर्ट हब और आधुनिक तकनीकी सहायता का वादा किया: मथुरापुर में पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान को गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कृष्णानगर और मथुरापुर में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। दोनों सभाओं में उमड़े जनसैलाब और जनता के उत्साह को देखते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण में हुआ बंपर मतदान भय पर भरोसे की जीत का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि मतगणना के बाद राज्य में हर तरफ कमल ही कमल खिला दिखाई देगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां भी रिकॉर्ड मतदान हुआ है, वहां भाजपा को प्रचंड विजय मिली है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भी भाजपा-एनडीए की विजय का परचम पूरी शक्ति से लहराना तय है और 4 मई को राज्य में विजय का उत्सव मनाया जाएगा।

कृष्णानगर की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उसकी पहचान झूठ, छल और अधूरे वादों से बन चुकी है। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक में मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल खोलने का वादा किया गया, लेकिन स्कूल बंद होते गए। हर घर पाइप से पानी पहुंचाने की घोषणा हुई, लेकिन लोगों के घरों तक गंदा जलभराव पहुंचा। उद्योग लगाने के दावे किए गए, परंतु फैक्ट्रियां बंद होती गईं और जूट मिलों पर ताले लग गए।

पीएम ने कहा कि अस्पतालों की हालत खराब है और कल्याणी एम्स के निर्माण में भी राज्य सरकार ने कदम-कदम पर रुकावटें डालीं, फिर भी केंद्र सरकार ने उसे पूरा कर जनता को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि नगरपालिकाओं में लूट का मॉडल चल रहा है, सड़कें जर्जर हैं, ड्रेनेज व्यवस्था ध्वस्त है और नदी कटाव से लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल भ्रष्टाचार में व्यस्त है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” है, जबकि तृणमूल सरकार “घुसपैठियों का साथ, बंगाल के लोगों का विनाश” की नीति पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेज़ बनवाकर घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है और इससे राज्य की सुरक्षा पर खतरा पैदा हुआ है।

उन्होंने मतुआ, नामशूद्र और शरणार्थी परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही सीएए के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया और तेज होगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हर शरणार्थी के साथ मोदी सरकार खड़ी है और उन्हें हर वह अधिकार मिलेगा जो किसी भारतीय नागरिक को मिलता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की महिलाओं के लिए 10 बड़ी गारंटियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों पर अत्याचार करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी और हर ब्लॉक में महिला थाने बनाए जाएंगे। बंगाल पुलिस में बेटियों की बड़े पैमाने पर भर्ती होगी।

उन्होंने बताया कि मातृशक्ति भरोसा कार्ड के माध्यम से महिलाओं को प्रतिवर्ष ₹36,000 सीधे बैंक खातों में दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹20 लाख तक का मुद्रा ऋण दिया जाएगा और लाखों बहनों को लखपति दीदी बनाने में सहायता दी जाएगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज, सर्वाइकल कैंसर का मुफ्त टीका और सिकल सेल की मुफ्त जांच भी उपलब्ध कराई जाएगी। पीएम आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के घर महिलाओं के नाम पर पंजीकृत किए जाएंगे।

मथुरापुर की सभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल ने पहले वामपंथी कुशासन झेला और फिर 15 वर्षों तक तृणमूल को अवसर दिया, लेकिन बदले में केवल झूठे वादे और धोखा मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 11 वर्षों में देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई, करोड़ों गरीबों को घर दिए, शौचालय बनवाए, जनधन खाते खुलवाए, किसानों को सम्मान निधि से जोड़ा और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।

पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल सरकार ने राज्य के लोगों से केवल छल किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगासागर जैसे महत्वपूर्ण तीर्थ तक आज भी लोग फेरी पर निर्भर हैं और पक्का पुल तक नहीं बन पाया। हर चुनाव में वादे किए जाते हैं और बाद में भुला दिए जाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में बिना भ्रष्टाचार कोई काम नहीं होता। नौकरी से लेकर जमीन खरीदने, घर बनाने, राशन लेने और किसानों की उपज बेचने तक हर जगह कटमनी और सिंडिकेट का जाल फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों की इस व्यवस्था की एक्सपायरी डेट 4 मई है और इसके बाद लूट तथा महाजंगलराज का पूरा हिसाब होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मथुरापुर और तटीय क्षेत्र के पास समुद्र से जुड़ी असीम संभावनाएं हैं, लेकिन राज्य सरकार की नीतियों के कारण मछुआरा समाज परेशान है। कोल्ड स्टोरेज की कमी, सुविधाओं का अभाव और उचित आय न मिलना बड़ी समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि समुद्री मार्गों का उपयोग तस्करी और अवैध गतिविधियों के लिए हो रहा है।

पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहली बार मत्स्य पालन के लिए अलग मंत्रालय बनाया, मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा और आधुनिक तकनीक के माध्यम से उनकी सुरक्षा और आय बढ़ाने का काम किया। भाजपा सरकार बनने पर बंगाल को फिश एक्सपोर्टिंग हब बनाया जाएगा, जिससे मछुआरों की आय बढ़ेगी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की यह आफत तभी हटेगी जब राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार पहले से है, अब राज्य में भी भाजपा सरकार बनने पर डबल इंजन की ताकत से दिन-रात विकास होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की जनता, विशेषकर महिलाओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से भारी संख्या में वोटिंग की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्मम सरकार को उखाड़ फेंकने का यही सही समय है और बंगाल अब परिवर्तन का संकल्प ले चुका है।

कृष्णानगर का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

मथुरापुर का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Indias wind turbine exports jumped 50% in FY26, further growth expected: IWTMA CEO

Media Coverage

Indias wind turbine exports jumped 50% in FY26, further growth expected: IWTMA CEO
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 9 सितंबर 2026
September 09, 2026

Viksit Bharat Express: How PM Modi’s Reforms Are Supercharging India’s Economy and Infrastructure