TMC की गुंडागर्दी के दिन खत्म होने वाले हैं। TMC सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो गया है: कोलकाता रैली में पीएम मोदी
घुसपैठ की वजह से बंगाल की ‘रोटी, बेटी और माटी’ खतरे में है। लोकल लोगों की नौकरियां छीनी जा रही हैं, हमारी बेटियों की सुरक्षा खतरे में है और गैर-कानूनी कब्जे हो रहे हैं: पीएम मोदी
मैं बंगाल की माताओं और बहनों को भरोसा दिलाता हूं कि BJP सरकार में महिलाएं सुरक्षित रहेंगी और अपराधी सलाखों के पीछे होंगे: पीएम मोदी का पश्चिम बंगाल से वादा
पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब TMC; वे एक के बाद एक आते रहे, अपनी जेबें भरते रहे जबकि बंगाल में विकास का काम रुका रहा: पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड में एक विशाल सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की निर्मम सरकार ने इस सभा को रोकने के लिए ब्रिज बंद करवाने, गाड़ियां रुकवाने और भाजपा के पोस्टर फड़वाने जैसे कई हथकंडे अपनाए। इसके बावजूद वह जनसैलाब को यहां आने से रोक नहीं पाई। अब महाजंगल राज वाली TMC सरकार चाहे जितना जोर लगा ले, वो परिवर्तन की इस आंधी को रोक नहीं पाएगी। क्योंकि इस बार विधानसभा चुनाव सिर्फ सरकार बदलने के नहीं, बल्कि बंगाल की आत्मा को बचाने का है। पीएम मोदी ने कहा कि आज जो जनसागर उमड़ा है, यह उस बदलाव की आहट है, जिसका इंतजार वर्षों से किया जा रहा है। अब कोलकाता की हर गली में एक ही चर्चा है कि तुष्टिकरण, कट, कमीशन और करप्शन करने वाली सरकार बदलनी है और इसका काउंटडाउन शुरू हो चुका है।

बंगाल की महान विभूतियों को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिस बंगाल की परिकल्पना की थी, भाजपा सरकार आने के बाद उसी बंगाल का नवनिर्माण किया जाएगा। बंगाल का विकास नेक नीयत और सही नीतियों से होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में अभी हमारी सरकार नहीं है, फिर भी केंद्र सरकार के जरिए बीजेपी दिन-रात बंगाल के विकास में लगी है। आज ही 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। चार दिन पहले भी कैबिनेट ने पश्चिम बंगाल के लिए मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इसका फायदा यहां के किसान, व्यापारी, स्टूडेंट्स और लोगों को मिलेगा। दूसरी ओर यहां की निर्मम सरकार है, जिसने बंगाल के युवाओं को पलायन का अभिशाप दिया है। बंगाल के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं, लेकिन उन्हें काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।

राज्य की TMC सरकार पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि इनका एक ही एजेंडा है, ये न खुद काम करेंगे, न करने देंगे! जब तक इनको कटमनी नहीं मिल जाती, ये किसी भी योजना को गांव-गरीब तक नहीं पहुंचने देते! इसीलिए TMC सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है। पीएम-विश्वकर्मा योजना, पीएम-सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम-आवास योजना, आयुष्मान योजना हो या फिर जल जीवन मिशन, ऐसी कितनी ही योजनाएं इसका उदाहरण हैं। आपने इन योजनाओं की सफलता के बारे में जरूर सुना होगा। लेकिन पश्चिम बंगाल के लोगों को यहां की सरकार इनका लाभ नहीं लेने दे रही है। इनमें बंगाल सरकार लगातार रोड़े अटका रही है। इसका खामियाजा यहां की जनता-जनार्दन को भुगतना पड़ रहा है।

राज्य में किसानों की बदहाली का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि आज बंगाल के अन्नदाताओं की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। मुझे बताया गया है कि दो-तीन दिन पहले ही चंद्रकोना में हमारे एक आलू किसान ने खुदकुशी कर ली है। पश्चिमी मिदनापुर से हुगली और बर्धवान तक किसानों से झूठे वायदे और सरकारी खरीद में घोटाले ही टीएमसी सरकार की पहचान बन गए हैं। TMC के कट, कमीशन और करप्शन के कारण किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग, माताओं और बहनों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। शक्ति की पूजा करने वाले पश्चिम बंगाल में आए दिन नारीशक्ति के साथ दिल दहला देने वाले अपराध हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट की सरकार में अपहरण, हत्या, बलात्कार का वो दौर कोई नहीं भूल सकता। बंगाल के लोगों ने लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा से TMC सरकार बनाई। लेकिन TMC ने लेफ्ट के गुंडों और माफियाओं को ही अपनी पार्टी में भर्ती कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है। ज़्यादातर मामलों में अपराधी कोई न कोई TMC का नेता होता है या TMC से जुड़ा गुंडा होता है। ये बंगाल के लोगों को डरा-धमकाकर रखना चाहते हैं। यहां की सरकार अपराधियों को बचाने की पूरी कोशिश करती है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं माताओं-बहनों को भरोसा दिलाता हूं कि आप एक बार बीजेपी को अपना आशीर्वाद दीजिये। बीजेपी सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी और अपराधी जेल में होंगे। ये मोदी की गारंटी है।

'मां, माटी, मानुष' का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल सरकार इस नारे के साथ सत्ता में आई थी। लेकिन आज मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष प्रदेश छोड़ने पर मजबूर है। घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की ‘रोटी, बेटी और माटी’ पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है। ये बंगाल के लोगों का रोजगार छीन रहे हैं। इनकी जमीनों पर घुसपैठियों को कब्जा दिलवाया जा रहा है। इसी के चलते बीते दशकों में बंगाल के कई इलाकों में डेमोग्राफी बदल गई है। बंगाली हिंदुओं को जानबूझकर अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है। तुष्टिकरण का ऐसा खुला खेल चल रहा है कि जब शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता देने की बात होती है तो पूरी TMC उसका विरोध करती है। उनके लिए उनका वोट बैंक ही सबसे प्रमुख है। वो हिंदुओं को अपना वोटबैंक नहीं समझती। ये लोग SIR का विरोध भी इसीलिए करते हैं, ताकि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हट ना जाएं। जब यहां भाजपा सरकार बनेगी तो हर अपराधी और घुसपैठिए में खौफ होगा।

दलित, आदिवासी और गरीबों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि राज्य में सबसे ज्यादा प्रताड़ित यही लोग हैं। लेकिन अब तो TMC सरकार ने सभी सीमाएं लांघ दी हैं। इसने केवल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी का अपमान नहीं किया है, बल्कि देश के आदिवासी समाज के साथ-साथ करोड़ों महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। राष्ट्रपति को संथाल आदिवासी परंपरा के पावन उत्सव में शामिल होना था। लेकिन अहंकार में डूबी इस सरकार ने न केवल उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया, बल्कि उसे पूरी तरह बदइंतजामी के हवाले कर दिया। TMC सरकार ने देश के सर्वोच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। भारत के संविधान और बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान किया है। अब पश्चिम बंगाल की जनता-जनार्दन इसका भरपूर जवाब देगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने भाषण के समापन पर कहा कि TMC सरकार ने बंगाल को पूरी तरह से अराजकता के हवाले कर दिया है। ये संवैधानिक व्यवस्था पर आए दिन हमले करते रहते हैं। जब चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाता है। तब टीएमसी उसके खिलाफ हमला करने लगती है। राज्य सरकार पुलिस को स्वतंत्र रूप से जांच करने नहीं देती। जब राष्ट्रीय एजेंसियां TMC सरकार के भ्रष्टाचार या गंभीर अपराधों की जांच करना चाहती हैं, तो उन्हें भी रोकने की कोशिश होती है। इन्होंने तो सेना तक को नहीं छोड़ा है। 2019 में भारतीय वायुसेना ने जब बालाकोट में आतंकवादी ठिकानों पर निर्णायक कार्रवाई की, तब TMC ने देश की वायुसेना से सबूत मांगा था। अब बंगाल के प्रबुद्ध लोग इस अराजकतावादी सरकार के खिलाफ संकल्प ले चुके हैं। इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम यहीं की जनता करने वाली है।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
‘Modi Govt’s 12 years are transformational for industry’

Media Coverage

‘Modi Govt’s 12 years are transformational for industry’
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 12 जून 2026
June 12, 2026

Breaking Barriers, Building Bharat: PM Modi’s Historic Push for Gender Equality and Inclusive Growth