प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नाइजीरिया संघीय गणराज्य के उपराष्ट्रपति महामहिम श्री काशिम शेत्तिमा मुस्तफा, जीसीओएन से नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग मुलाकात की। काशिम शेत्तिमा मुस्तफा, जीसीओएन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में विदेश मामले; उद्योग, व्यापार एवं निवेश; संचार, नवाचार एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी; मानवीय कार्य एवं गरीबी उन्मूलन; महिला कार्य; तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न मंत्रालयों के कई मंत्री शामिल हैं।
दोनों नेताओं ने भारत-नाइजीरिया के बहुआयामी संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। चर्चा में व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, ऊर्जा साझेदारी, कृषि, स्वास्थ्य और डिजिटल प्रौद्योगिकियों सहित प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रित किया गया। दोनों नेताओं ने भारत-नाइजीरिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री मोदी और उपराष्ट्रपति शेत्तिमा मुस्तफा ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, जिनमें ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताएं और चिंताएं भी शामिल हैं, पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को मजबूत करने और अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, समावेशी तथा बहुध्रुवीय अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की दिशा में मिलकर काम करने के महत्व पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नाइजीरिया के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने और अफ्रीका के साथ भारत के जुड़ाव को और गहरा करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उपराष्ट्रपति शेत्तिमा मुस्तफा ने भारत के विकास के अनुभव तथा नाइजीरिया में क्षमता निर्माण और आर्थिक विकास में भारत के योगदान की सराहना की।
इस बैठक में भारत और नाइजीरिया की एक मजबूत, दूरदर्शी साझेदारी के निर्माण के साझा संकल्प की पुष्टि हुई, जो दोनों देशों तथा व्यापक ग्लोबल साउथ में शांति, समृद्धि और विकास में योगदान देगी।
Delighted to meet Vice President Kashim Shettima of Nigeria on the sidelines of the Delhi BRICS Summit.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 13, 2026
We discussed cooperation in areas such as trade, power, clean energy, fertilisers and defence.
We also reviewed cooperation in health, capacity building, technology and… pic.twitter.com/ZNp4YibXVC


