प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री सिरिल रामाफोसा से 13 सितम्बर, 2026 को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग नई दिल्ली में मुलाकात की।

दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की और भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने इस बात की पुष्टि की कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच घनिष्ठ और दीर्घकालिक संबंध साझा ऐतिहासिक संघर्षों, मजबूत सांस्कृतिक समानताओं, सुदृढ़ आर्थिक संबंधों तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंधों पर आधारित हैं। दोनों नेताओं ने आपसी हित के विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और बहुपक्षीय मंचों पर घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। दक्षिण अफ्रीका से भारत में चीतों के सफल स्थानांतरण के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका को इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस में शामिल होने पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया।
राष्ट्रपति रामाफोसा ने उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को प्रदान किए गए गर्मजोशीपूर्ण आतिथ्य के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
Delighted to meet President Cyril Ramaphosa on the sidelines of the BRICS Summit in Delhi.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 13, 2026
We reviewed the full breadth of the India-South Africa Strategic Partnership including:
The India-SACU trade agreement.
Mining and critical minerals.
Infrastructure.
Food security.… pic.twitter.com/8NcemThBdq


