कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच लूट और भ्रष्टाचार की बहुत बड़ी रेस चल रही है: पीएम मोदी
भाजपा के लिए आदिवासियों का विकास पहली प्राथमिकता है: सिंहभूम में पीएम मोदी
ये भाजपा की ताकत थी, अटल जी की दीर्घ-दृष्टि थी कि झारखंड बना: सिंहभूम में पीएम मोदी
इंडी गठबंधन ने एक आदिवासी महिला को भारत के राष्ट्रपति बनाने का घोर विरोध किया: सिंहभूम में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के सिंहभूम में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड और भाजपा का रिश्ता दिल का है। हमारी सरकार ने अपनी कई बड़ी योजनाएं भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती से शुरू की हैं। जबकि कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया। देश की आजादी का पूरा श्रेय वह केवल शाही परिवार को देना चाहती है। ये भाजपा ही है, जिसने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में नई पहचान दी। पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड के मेरे भाई-बहन देख रहे हैं कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में लूट और भ्रष्टाचार की कितनी बड़ी रेस चल रही है। जिस RJD ने अलग झारखंड का सबसे ज्यादा विरोध किया, JMM तो आज उसी की गोद में बैठकर यहां जंगलराज लाने में जुटा है।

पीएम मोदी ने आदिवासी क्रांतिकारियों की धरती पर भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि यहां के लोगों की भावनाओं को भाजपा ही समझती है, तभी तो अटल जी की सरकार में अलग झारखंड बना। हमने बाबासाहेब की जयंती पर आयुष्मान भारत योजना झारखंड की भूमि से लांच की। आज इस योजना से करोड़ों गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। मुद्रा योजना हो या पीएम जन-मन योजना, या फिर विकसित भारत के लिए मोदी की गारंटी वाली गाड़ी, ये सब यहीं से शुरू किए। झारखंड से हमारा विशेष नाता है, इसलिए तो आज यहां का जन-जन कह रहा है- फिर एक बार...मोदी सरकार।

आदिवासी कल्याण के कार्यों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे जनजातीय समाज के बेटे और बेटियां भी आसानी से डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बन सकें, इसलिए हमने नई शिक्षा नीति में स्थानीय भाषाओं में शिक्षा देने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मैंने खुद रांची में भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान स्थल पर म्यूजियम का लोकार्पण किया। हम देशभर में आदिवासी गौरव के लिए जनजातीय म्यूजियम बना रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को आदिवासी इतिहास का सम्मान करना पसंद नहीं है। वो जनजातीय समाज के लोगों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। आपको याद होगा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने ही पहले झारखंड की राज्यपाल रहीं, द्रोपदी मुर्मू जी को भारत का राष्ट्रपति बनाने का घोर विरोध किया था।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के घोटालों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि राज्य के जल-जंगल-जमीन पर हमारे आदिवासी भाई-बहनों का अधिकार है। लेकिन, JMM और कांग्रेस इसे अपनी जागीर समझते हैं। तभी तो झारखंड के संसाधनों की खुली लूट चल रही है। यहां इतना बड़ा शराब घोटाला झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने किया। पूरे राज्य में अवैध खनन के माध्यम से खान-खनिज और बालू को लूटा जा रहा है। इसमें छुटभैया नेता से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री तक शामिल हैं। इन्होंने आदिवासियों की जमीनें लूटने के बाद हमारे देश की सेना की जमीन पर भी आंख गड़ा दी है। JMM के लोगों ने इतना बड़ा जमीन घोटाला भी किया है। कांग्रेस और जेएमएम ने मिलकर झारखंड के मान-सम्मान को चोट पहुंचाई है। मैं नौजवानों और मेरी माताओं-बहनों से पूछना चाहता हूं कि क्या झारखंड को लूटने वालों को आप माफ करेंगे?

कांग्रेस और JMM के भ्रष्टाचार पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि इन दोनों में लूट और भ्रष्टाचार की रेस चल रही है। कांग्रेस के सांसद के ठिकाने से इतना कैश मिला कि नोट गिनते-गिनते बैंकों की मशीनें हांफने लगीं। यहां निकल रहे लूट के ये पैसे मेरे झारखंड के गांव, गरीब, दलित और आदिवासियों के हैं। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने झारखंड के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है। जिस RJD ने अलग झारखंड का सबसे ज्यादा विरोध किया, आज जेएमएम उसी की गोद में बैठकर जंगलराज लाने में जुटा है। अब तो आए दिन यहां व्यापारियों को फिरौती के लिए फोन आते हैं। क्योंकि अपराधियों को सीधे सरकार से संरक्षण मिल रहा है। आपका हक लूटने वालों को सजा देने के लिए देश को आपके आशीर्वाद की जरूरत है।

बीते 10 वर्षों के जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि हमने आदिवासी भाइयों-बहनों के लिए मकान, बिजली, पानी और सिलेंडर जैसी सुविधाएं दी हैं। हमारे प्रयासों से झारखंड में 18 लाख परिवारों को पक्के मकान मिले। ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिलता है। करीब 33 लाख घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। मोदी का प्रयास है कि गरीब, आदिवासी, महिलाओं का सामर्थ्य और बढ़े। लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस आपकी संपत्ति पर डाका डालना चाहती है। कांग्रेस ने कहा है कि वो सरकार में आएगी तो देश में सबकी संपत्ति की जांच कराएगी। ये चोरों की संपत्ति की जांच कराने का विरोध करते हैं और आम नागरिकों की संपत्ति की जांच कराएंगे। कांग्रेस आपकी संपत्ति छीनकर अपने वोट बैंक में बांट देगी। कांग्रेस नेता कहते हैं कि देश की संपत्ति पर पहला हक उनके वोट बैंक का है। मोदी कहता है देश की संपत्ति पर पहला हक मेरे दलित, आदिवासी और गरीब भाई-बहनों का है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि कांग्रेस, JMM और उसके सहयोगी अपने वोटबैंक के लिए कुछ भी कर रहे हैं। ये लोग झारखंड में घुसपैठियों को ठिकाना दे रहे हैं। ये घुसपैठिए हमारे आदिवासी भाई-बहनों की जमीन कब्जा कर रहे हैं। यही खेल इन लोगों ने बंगाल में खेला था। बंगाल के आदिवासी इलाकों में लोग घुसपैठियों के आतंक से जूझ रहे हैं। ये ऐसा ही हाल झारखंड में करना चाहते हैं। लेकिन JMM सरकार वोट बैंक की भूख में आंख मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की नजर दलितों-पिछड़ों-आदिवासियों के आरक्षण पर भी है। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार ने पिछड़े समाज का आरक्षण मुस्लिमों को दे दिया है। यही काम अब वो पूरे देश में करना चाहती है। मैंने कांग्रेस को चुनौती दी है कि अगर उसमें हिम्मत है तो लिखकर दे कि SC-ST-OBC का आरक्षण काटकर धर्म के आधार पर वो मुस्लिमों को नहीं देगी। कांग्रेस का कोई नेता इसका जवाब देने को तैयार नहीं है। दरअसल, कांग्रेस और इंडी गठबंधन बाबासाहेब की पीठ में छुरा भोंककर आपका आरक्षण धर्म के आधार बांटना चाहते हैं। जब तक मोदी जिंदा है, तब तक कोई ना तो संविधान को हाथ लगा पाएगा, और ना ही दलितों, आदिवासियों का आरक्षण लूट सकेगा, ये मोदी की गारंटी है।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
PLI 2.0: India bets big on making more of the smartphone at home

Media Coverage

PLI 2.0: India bets big on making more of the smartphone at home
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 29 मई 2026
May 29, 2026

Every Sector, Every Citizen: How PM Modi’s Vision is Transforming India Across All Fronts