दशकों तक पूर्वी भारत को, विभाजनकारी राजनीति करने वालों ने बंदी बनाकर रखा था। भाजपा ने इन राज्यों को उनके चंगुल से मुक्त कराया है: पीएम
मालदा में, पीएम मोदी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार घुसपैठ और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
भाजपा ने देश में सुशासन और विकास का एक नया मॉडल बनाया है। आज, पूरे भारत के लोग इसे पूरे दिल से अपना रहे हैं: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से अब बंगाल में भी विकास की नदी बहेगी, और भाजपा इसे पूरा करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठ की है। आज जब दुनिया के विकसित और समृद्ध देश भी अपने यहां से घुसपैठियों को निकाल रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर टीएमसी के नेता सालों से यहां घुसपैठियों को बसाने और वोटर बनाने के खेल में जुटे हैं। घुसपैठिए गरीबों का हक और नौजवानों का काम छीनते हैं। बहनों-बेटियों पर अत्याचार करते हैं। वे देश में आतंक और अपराधों को बढ़ावा दे रहे हैं। पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हमारी डबल इंजन सरकार बनते ही घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया जाएगा। इसके साथ ही मतुआ और नामशूद्र जैसे शरणार्थियों को पूरी सुरक्षा देकर उनकी बस्तियों में विकास को गति दी जाएगी, ये मोदी की गारंटी है।

पूर्वी भारत के विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश 2047 तक विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। इसके लिए पूर्वी भारत का विकास भी बहुत जरूरी है। दशकों तक पूर्वी भारत को नफरत की राजनीति करने वालों ने जकड़ रखा था। भाजपा ने इन राज्यों को नफरत की राजनीति करने वालों के चगुंल से मुक्त किया है। पूर्वी भारत को भाजपा पर विश्वास है। ओडिशा, त्रिपुरा और असम के बाद कुछ दिन पहले ही बिहार में बीजेपी-एनडीए ने फिर से सरकार बनाई है। अब बंगाल में सुशासन की बारी है। इसलिए मैंने बिहार चुनाव की जीत के बाद ही कहा था कि मां गंगा के आशीर्वाद से अब बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी।

बीजेपी के सुशासन और विकास के मॉडल पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरे देश में जनता बीजेपी को अपना आशीर्वाद दे रही है। महाराष्ट्र में स्थानीय नगर निकायों के चुनावों में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत मिली है। खासतौर पर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बीएमसी चुनाव में पहली बार बीजेपी को रिकॉर्ड विजय मिली है। कुछ दिन पहले ही केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी पहली बार बीजेपी के मेयर बने हैं। यानि जहां कभी बीजेपी के लिए चुनाव जीतना असंभव माना जाता था, वहां भी आज बीजेपी को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। ये दिखाता है कि देश का वोटर और देश का जेन-जी बीजेपी के विकास मॉडल पर कितना भरोसा करता है।

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल के विकास से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स के शिलान्यास और लोकार्पण भी किए गए हैं। बंगाल को करीब आधा दर्जन नई ट्रेनें मिली हैं। इनमें से एक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी है, जो मेड इन इंडिया है। बंगाल को चार और नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिली हैं। इससे पूरे उत्तर बंगाल की कनेक्टिविटी बेहतर होने वाली है। इससे यहां के किसानों और नौजवानों को तो लाभ होने के साथ-साथ टूरिज्म को भी बल मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों के लिए चलाई गई हमारी कल्याणकारी योजनाओं को पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार आगे नहीं बढ़ने देती। उसमें रुकावटें पैदा करती है। हम चाहते हैं कि यहां की लाखों बहनों को भी नल से जल मिले। हकदारों को मुफ्त राशन मिले। आयुष्मान योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिले। लेकिन यहां की सरकार बहुत ही निर्दयी और निर्मम है। केंद्र सरकार गरीबों के लिए जो पैसा भेजती है, उसको यहां टीएमसी के लोग लूट लेते हैं। टीएमसी के लोग बंगाल के मेरे गरीब भाई-बहनों के दुश्मन बने हुए हैं। इसीलिए ऐसी पत्थरदिल और निर्मम सरकार की राज्य से विदाई बहुत जरूरी है।

मालदा की जनता की समस्याओं पर बात करते हुए पीएम ने कहा कि यहां ना फैक्ट्रियां लग रही हैं, ना ही किसानों को कोई सुविधा मिल रही है। रेशम और जूट किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मालदा-मुर्शीदाबाद से नौजवानों को रोजी-रोटी के लिए पलायन करना पड़ रहा है। मालदा पर टीएमसी की दुर्नीति और सरकार में भ्रष्टाचार की दोहरी मार पड़ रही है। गंगा जी और फुलहर नदियों के कटाव के कारण हर साल सैकड़ों घर नदी में समा जाते हैं। यहां के लाखों लोग टीएमसी सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि नदियों के किनारे पक्की सुरक्षा दीवार बनाई जाए। लेकिन हर बार टीएमसी वाले बाढ़ में बेहाल छोड़ देते हैं। मैं आज डंके की चोट पर कह रहा हूं कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही हम ना सिर्फ मालदा और राज्य का पुराने वैभव लौटाएंगे, बल्कि टीएमसी के सारे काले कारनामे बंद करेंगे। यहां गंगा जी, महानंदा और फुलहर पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होंगे। जूट किसानों और जूट उद्योग दोनों की बेहतरी के लिए काम किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल के अनेक क्षेत्रों में असंतुलित होती आबादी पर पीएम ने कहा कि यहां के लोग बताते हैं कि कई जगह तो बोल-चाल भी बदलने लगी है। कई क्षेत्रों में भाषा और बोली में फर्क आ रहा है। घुसपैठियों की आबादी बढ़ने से मालदा-मुर्शीदाबाद सहित पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में दंगे भी बढ़ गए हैं। आपको घुसपैठियों और सत्ताधारी लोगों के इस गठजोड़ को तोड़ना होगा। यहां पर भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठ और घुसपैठियों पर बड़ा एक्शन लिया जाएगा। पीएम ने कहा कि इसके साथ ही जो शरणार्थी पड़ोसी देशों में धर्म के आधार पर होने वाली हिंसा से बचने के लिए यहां आए हैं। उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। इनको संविधान ने भारत में रहने का हक दिया है। हमने CAA के माध्यम से शरणार्थियों को पूरी सुरक्षा दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के समापन पर कहा कि बंगाल में परिवर्तन लाने की जिम्मेदारी यहां के युवाओं और माताओं-बहनों की है। टीएमसी के राज में स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी में भी बेटियां सुरक्षित नहीं है। यहां शासन-प्रशासन में निर्ममता ऐसी है कि बेटियों की कोई सुनवाई नहीं होती। इस स्थिति को बदलना होगा। ये काम आपका एक वोट करेगा। आपके वोट की ताकत पश्चिम बंगाल के पुराने गौरव को फिर लौटाएगी। पीएम ने कहा कि मैं आज भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता से कहूंगा कि TMC की गुंडागर्दी अब बहुत दिन चलने वाली नहीं है। TMC की गुंडागर्दी का अंत होगा और गरीबों को डराने-धमकाने वाली TMC की राजनीति भी समाप्त होगी।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India's strong growth outlook intact despite global volatility: Govt

Media Coverage

India's strong growth outlook intact despite global volatility: Govt
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने कोयंबटूर में हुई दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया
April 17, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस घटना के बारे में सुनकर व्यथित हैं और उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया:

“तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुए हादसे के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ है। मैं इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ। हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ: पीएम @narendramodi”