पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर की सजा दी है।
अवसरवादी इंडी अलायंस की पतंग उड़ने से पहले ही कट गई है।
हमारे प्रयासों से नर्मदा नदी का पानी बाड़मेर और जालौर के डेढ़ हजार गांवों तक पहुंचा।
आज भारत में स्थिर और मजबूत सरकार का होना बहुत जरूरी है।
पांच साल के लिए मुफ्त राशन योजना के सबसे बड़े लाभार्थी आदिवासी, दलित और पिछड़े परिवार होंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के जालौर और बांसवाड़ा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि स्वार्थ और अवसरवादिता में घिरी कांग्रेस की हालत आज ऐसी हो गई है कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा होगा कि कांग्रेस का शाही परिवार, दिल्ली में कांग्रेस को ही वोट नहीं करेगा। क्योंकि जहां इस शाही परिवार के लोग रहते हैं, वहां कांग्रेस चुनाव ही नहीं लड़ रही है। दूसरी ओर यहां राजस्थान में इस पार्टी के नेता ही घर-घर जाकर कह रहे हैं कि कांग्रेस को वोट मत दो। जिस पार्टी का ये हाल है उस पर क्या आप भरोसा कर सकते हैं? पीएम ने कहा कि कांग्रेस के अपने घोषणा-पत्र में कहा है कि उनकी सरकार बनी तो हरेक की प्रॉपर्टी का सर्वे किया जाएगा। इसके बाद संपत्ति समान रूप से वितरित की जाएगी। ये अर्बन नक्सल की सोच हमारी माताओं-बहनों के मंगलसूत्र भी बचने नहीं देगी। ऐसी पार्टी और उसके सहयोगियों से सबको बहुत सतर्क रहना है।

बांसवाड़ा में संस्कृतियों की त्रिवेणी बेणेश्वर धाम का नमन करते हुए पीएम ने कहा कि कुछ समय पहले मैंने मावजी महाराज का स्मरण करते हुए गारंटी दी थी कि राजस्थान में जादूगर का जादू नहीं चलेगा। वागड़ और राजस्थान ने मोदी की वाणी का पिछले विधानसभा चुनाव में मान रखा है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप और गोविंद गुरु के शौर्य की ये भूमि आज शक्तिशाली भारत के लिए मजबूत सरकार का प्रण ले रही है। इसलिए राजस्थान समेत देशभर के कोने-कोने में चारों तरफ एक ही बात गूंज रही है- फिर एक बार, मोदी सरकार! पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में ऐसी मजबूत सरकार होना बहुत जरूरी है, जो सरहदों की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी खोजकर दुश्मनों का सफाया कर सके। एक ऐसी सरकार जो देश की महिला, किसान, गरीब, वंचित, जनजातीय, पिछड़े वर्ग और युवाओं को समृद्धि की ओर ले जा सके। हमारा 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड गवाह है, ये काम सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

भाजपा के सुशासन का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को मानती है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर के जिन 3 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं, उनमें से बड़ी संख्या हमारे आदिवासी परिवारों की है। यहां बांसवाडा में पौने चार लाख से अधिक परिवारों तक नल से जल पहुंचा है। जब नल से जल आता है तो माताएं-बहनों का मुझे भरपूर आशीर्वाद मिलता है। इतना ही नहीं, बांसवाडा और डूंगरपुर की 5 लाख से अधिक बहनों को सस्ते गैस सिलेंडर वाली उज्ज्वला गैस मिली है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बेहद मुश्किल समय में शुरू हुई मुफ्त राशन की योजना को भी हमने 5 साल और बढ़ा दिया है। इसका सबसे अधिक फायदा, आदिवासी और दलित परिवारों को हुआ है। पानी और गैस के बाद अब मोदी का मिशन, हर घर को सूर्यघर बनाने का है। यानि सरकार घर की छत पर छोटा सा सोलर प्लांट लगाने के लिए मदद दे रही है। जितनी जरूरत है, उतनी बिजली फ्री चलाओ और बाकी बिजली सरकार खरीदेगी। इसके अलावा 70 वर्ष के ऊपर के सभी बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा।

कांग्रेस की कार्यशैली पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि भाजपा सदैव गरीब कल्याण के लिए समर्पित होकर काम करती है। लेकिन कांग्रेस की दुकान में भय-भूख और भ्रष्टाचार ही बिकता है। कांग्रेस ने हमेशा दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को डराया है। आज भी ये लोग लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण को लेकर भांति-भांति का डर दिखा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को पता नहीं है कि भारतवासी हर प्रकार के डर से बाहर निकल चुके हैं। इसीलिए इनका झूठ नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विरुद्ध आदिवासियों में आक्रोश के कई कारण हैं। जब पंचायत से पार्लियामेंट तक कांग्रेस की सरकारें थीं, तब कांग्रेस को कभी आदिवासी समाज का कल्याण करने की याद ही नहीं आई। यही वजह है कि देशभर में जिन-जिन राज्यों में आदिवासी आबादी अधिक है, वहां कांग्रेस या तो सत्ता से बाहर है या फिर तीसरे-चौथे नंबर की पार्टी है। ये भाजपा ही है जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका को स्वीकारा, उनके लिए म्यूजियम बनवाए। भाजपा ने ऐलान किया है कि अगले साल भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म-जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता अपनी संतानों का और मोदी आपके बच्चों का भविष्य संवारने में जुटा है। कांग्रेस में तो भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। कांग्रेस के शासनकाल में युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया। अब कांग्रेस के पेपरलीक माफिया पर यहां की भजनलाल सरकार ने एक्शन लेना शुरू किया है। केंद्र सरकार ने भी इसके लिए एक कड़ा कानून बनाया है। ये कानून, युवाओं को धोखा देने वालों को कड़ी सजा दिलाएगा, ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वागड़ इलाके को भी सड़क, रेल और दूसरी कनेक्टिविटी से हमेशा वंचित रखा। अब आपको ऐसी सारी सुविधाएं देना, मोदी की गारंटी है। बांसवाड़ा में पावर प्लांट भी बन रहा है।हमने रतलाम-डूंगरपुर रेल लाइन को वाया बांसवाड़ा से जोड़ने का काम शुरू करवाया है। उदयपुर-बांसवाड़ा और डूंगरपुर को श्यामला जी को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे से भी बहुत फायदा हो रहा है।

इससे पहले जालौर की जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए, जैसी 2014 से पहले थी। हर कोई कांग्रेस की कमजोर सरकार को धमकाता था। हर कोई देश को लूटने में जुटा था। तब प्रधानमंत्री को कोई पूछता ही नहीं था, सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है। कांग्रेस ने देश पर 60 वर्षों तक राज किया, लेकिन हमारी माताओं बहनों को शौचालय, गैस, बिजली, पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया। इन्हीं पापों की सजा देश उसको दे रहा है। जिस पार्टी ने कभी 400 सीट जीती थी, उसके लिए आज 300 सीटों पर लड़ना भी मुश्किल हो रहा है। कांग्रेस को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा गुजरात में सरदार सरोवर बांध को लेकर तो कांग्रेस ने जो किया, उसे भी कोई भूल नहीं सकता। कांग्रेस सरकार ने कदम-कदम पर इस बांध के निर्माण में रोड़े अटकाए। आज हमारे प्रयासों से नर्मदा का पानी बाड़मेर और जालौर जिले के भी डेढ़ हजार से अधिक गांवों तक पहुंचा है। नर्मदा के जल से जालौर-बाड़मेर के किसानों की लगभग दो लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है। हम सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर जैसी नई टेक्नॉलॉजी भी किसानों को दे रहे हैं। इससे किसानों का समय बचने के साथ-साथ उनकी आय भी तेजी से बढ़ रही है। इसीलिए राजस्थान समेत देशभर के अन्नदाता भी एक बार फिर मोदी सरकार को लाने के लिए कृतसंकल्प हैं।

जालौर का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

बांसवाड़ा का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India’s pharma exports cross $28 bn till February, likely to end up with growth in rupee terms in FY26

Media Coverage

India’s pharma exports cross $28 bn till February, likely to end up with growth in rupee terms in FY26
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 5 अप्रैल 2026
April 05, 2026

From Aatmanirbhar to Viksit Bharat: PM Modi’s Leadership Powers India’s Multi-Sector Triumph