2024 का लोकसभा चुनाव, सशक्त भारत के लिए सशक्त सरकार बनाने का चुनाव है।
पश्चिम बंगाल में G20 समिट से जुड़े आयोजनों की मेजबानी ने 'नॉर्थ बंगाल' को इंटरनेशनल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के मैप पर ला दिया है।
पश्चिम बंगाल में चाय उद्योग की दुर्दशा के लिए टीएमसी जिम्मेदार है। टीएमसी सरकार, राज्य के चाय किसानों के हितों के खिलाफ है।
महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़ी संदेशखाली की दुखद घटनाओं के पीछे टीएमसी का हाथ है।
मेरा हल पल, हर क्षण देश के लिए, इसलिए मैं 2047 के लिए 24X7 काम कर रहा हूं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश के हर गरीब का सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्राथमिकता है। लेकिन गरीब कल्याण की मोदी की योजनाओं पर राज्य की TMC सरकार ब्रेक लगा रही है। केंद्र की बीजेपी सरकार ने गरीबों के पक्के घर के लिए लगभग 30 हजार करोड़ रुपये भेजे। लेकिन TMC कह रही है कि केंद्र का पैसा पहले उनके खाते में आए। जनता के हक का पैसा मैं TMC को लूटने नहीं दूंगा। यहां की किसान विरोधी सरकार, पीएम किसान निधि में भी रोड़े अटका रही है। विदेशों में यूरिया की जो बोरी 3 हजार रुपये की मिलती है, वो बीजेपी सरकार किसानों को 300 रुपये से भी कम में दे रही है। लेकिन राज्य सरकार इसमें भी भ्रष्टाचार कर रही है। किसानों को परेशान किया जा रहा है। इसलिए, इस लोकसभा चुनाव में TMC को सबक सिखाना जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का चुनाव नहीं है। ये सशक्त भारत के लिए एक सशक्त सरकार बनाने का चुनाव है। जितनी मजबूत और ताकतवर केंद्र सरकार होगी, दुनिया का उतना ही मजबूत भरोसा भारत पर होगा। इसके साथ ही उतना ही अधिक निवेश भी आएगा। इससे फैक्ट्रियां लगेंगी और विकास तेज होगा। बीजेपी सरकार ने G-20 की मीटिंग नॉर्थ बंगाल में इसलिए रखी थी ताकि यह क्षेत्र इंटरनेशनल टूरिज्म मैप पर आ पाए। आज केंद्र सरकार यहां चौड़ी सड़कें बना रही है। रेल कनेक्टिविटी बेहतर कर रही है। ऐसे ही प्रयासों से नई नौकरियां के नए अवसर बन रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि आज हर भारतीय इसकी सिद्धि के लिए प्रयास कर रहा है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए मेरा भी हर पल, हर क्षण देश के लिए है, इसलिए मैं Twenty Four By Seven काम कर रहा हूं। ये हमारा संकल्प है और मेरा विश्वास है कि हम सब मिलकर विकसित भारत जरूर बनाएंगे।

NDA सरकार के बीते 10 वर्षों में किए गए कल्याणकारी कार्यों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम गरीब, SC/ST परिवार और माताओं-बहनों के जीवन को आसान बना रहे हैं। पहले जिन करोड़ों गरीब के पास बिजली, पानी, शौचालय और गैस कनेक्शन नहीं था, उसमें बड़ी संख्या में SC/ST परिवार थे। 2014 के बाद हमने हालात बदलने का संकल्प लिया और वंचितों को वरीयता दी। 2014 में एक दलित राष्ट्रपति और 2019 में देश को पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति मिली। इतना ही नहीं मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज और पीएम आवास योजना के अधिकांश लाभार्थी SC/ST वर्ग के हैं। हमने आदिवासी परिवारों को 23 लाख से अधिक पट्टे देने के साथ-साथ 400 से अधिक नए एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए हैं।

पश्चिम बंगाल सरकार की कार्यशैली पर चोट करते हुए पीएम ने कहा कि यहां की हर बहन के घर पर नल से जल आए, इसके लिए केंद्र सरकार पैसा दे रही है। लेकिन उत्तर बंगाल में नल से जल पहुंचाने वाली योजना का लाभ ठीक से नहीं मिल पा रहा। मोदी ने यहां की लाखों बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया है। नई पीढ़ी के जो लोग अपना परिवार बसा रहे हैं उन्हें भी मैं मुफ्त गैस कनेक्शन देना चाहता हूं। लेकिन भ्रष्ट, गरीब और SC/ST विरोधी, TMC सरकार ऐसा होने नहीं दे रही है। TMC की गरीब विरोधी सरकार पांच लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान भारत योजना को भी बंगाल में लागू नहीं होने दे रही है। उन्होंने कहा कि TMC, वामदल और कांग्रेस तीनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इन्होंने एक-दूसरे के भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए इंडी-गठबंधन बनाया है। ये लोग चाहे जितनी साजिश कर लें, मैं आपको गारंटी देता हूं- 4 जून के बाद, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी।

राज्य के चाय बागानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जहां भी चाय बागान हैं, उनमें से सबसे बुरा हाल बंगाल का है। TMC सरकार ने चाय बागानों और Tea industry को अपने हाल पर छोड़ दिया है। बदहाली की वजह से कई बागान बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि TMC चाहती है कि उसके तोलाबाजों और भ्रष्टाचारी नेताओं को आतंक का खुला लाइसेंस मिले। इसलिए जब केंद्र की जांच एजेंसियां आती हैं तो TMC खुद उन पर हमले करती है और दूसरों से भी करवाती है। संदेशखाली में क्या हुआ, ये पूरा देश जान चुका है। वहां माताओं-बहनों के साथ कितना बड़ा अत्याचार हुआ है। हालात ये है कि हर मामले में यहां कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेना पड़ता है। क्या संदेशखाली के अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं देनी चाहिए? क्या राशन घोटाला और टीचर भर्ती घोटाला करने वालों को सजा नहीं मिलनी चाहिए? मैं बंगाल की धरती से गारंटी देना चाहता हूं कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार करके पैसे जमा किए हैं, ईडी ने उनकी करीब तीन हजार करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। मैं एडवाइज ले रहा हूं ताकि गरीबों से लूटे गए पैसे उन्हें लौटा सकूं।

बंगाल के सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए पीएम ने कहा कि अगर डॉक्टर मुखर्जी ना होते तो कांग्रेस की सरकार, अलगावादियों के सामने कब का सरेंडर कर चुकी होती। कांग्रेस ने ही देश को आर्टिकल-370 जैसा नासूर दिया था। आज जब भाजपा की सरकार ने आर्टिकल-370 की दीवार को हटा दिया, तो कांग्रेस को दर्द हो रहा है। कल कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि मोदी देश के दूसरे राज्यों में कश्मीर की बात क्यों करता है। कांग्रेस के इस बयान से उसकी विभाजनकारी सोच फिर एक बार सामने आई है। कांग्रेस के लिए कश्मीर कुछ नहीं, लेकिन 140 करोड़ देशवासियों के लिए कश्मीर, मां भारती के मस्तक समान है। इसी कश्मीर के लिए देश के हर राज्य के वीर जवानों ने शहादत दी है।


प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि बीते 10 साल में बीजेपी सरकार ने जो कहा, वो पूरा करके दिखाया। हमारे पास 10 साल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड है। यही वजह है कि इंडी गठबंधन वाले मोदी की गारंटी से ही डरने लगे हैं। ये अब कहने लगे हैं कि मोदी को गारंटी देने से मना करो। झूठ और धोखे पर टिके इंडी गठबंधन के पास तो ना नीति है, ना कोई सिद्धांत। इसलिए जब मोदी गारंटी देता है तो कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले मुझे गाली देने लगते हैं। इस चुनाव में आपको ऐसे ही लोगों को सबक सिखाना है।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
PM Modi’s Indonesia’s Prambanan Temple Visit Part Of His Mission To Revive Civilisational Heritage

Media Coverage

PM Modi’s Indonesia’s Prambanan Temple Visit Part Of His Mission To Revive Civilisational Heritage
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने दृढ़ विश्वास और सकारात्मक सोच की शक्ति पर आधारित संस्कृत सुभाषित साझा किया
July 09, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की सच्ची कुंजी हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि देश के युवा इन्हीं गुणों से प्रेरित होकर 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित साझा किया—

“अनिर्वेदः श्रियो मूलमनिर्वेदः परं सुखम्।

अनिर्वेदो हि सततं सर्वार्थेषु प्रवर्तकः॥”

इस सुभाषित का भावार्थ है कि प्रगति का आधार उत्साह, दृढ़ विश्वास और निरंतर प्रयास है। जो व्यक्ति निराशा के आगे झुके बिना अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करता रहता है, वह अंततः सफलता प्राप्त करता है। इसलिए, व्यक्ति को अटूट विश्वास और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करते रहना चाहिए, क्योंकि यही गुण जीवन में मनुष्य को प्रगति, सफलता और उत्कृष्टता की ओर ले जाते हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा;

“दृढ़ विश्वास, सतत प्रयास और सकारात्मक सोच सफलता की असली कुंजी है। हमारे युवा साथी इन्हीं गुणों के साथ पूरे समर्पण भाव से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं।

अनिर्वेदः श्रियो मूलमनिर्वेदः परं सुखम्।

अनिर्वेदो हि सततं सर्वार्थेषु प्रवर्तकः॥”