भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है बल्कि यह सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है: हरियाणा की जीत पर पीएम मोदी
कांग्रेस का लक्ष्य लोगों के बीच मतभेद पैदा करके भारत को कमजोर करना है: विपक्ष के एजेंडे पर पीएम मोदी
कुछ लोगों ने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद कश्मीर जलेगा, लेकिन यह और खिल गया है: जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम पर पीएम मोदी
हरियाणा समृद्ध होगा और जम्मू-कश्मीर फलेगा-फूलेगा: भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है। गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत हुई है। राज्य की जनता-जनार्दन ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार कर बता दिया है कि उसकी देश विरोधी पॉलिटिक्स चलने वाली नहीं है। भाजपा को मिले इस ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियों ने चुनाव लड़ा, उसमें वोट शेयर के हिसाब से देखें तो भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी बधाई के पात्र हैं। ये उपलब्धि उनके तप, तपस्या और अथाह परिश्रम का ही परिणाम है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां की जनता ने नया इतिहास रचा है। अभी तक यहां हुए 13 में से 10 चुनावों में जनता ने हर पांच साल बाद सरकार बदली है। लेकिन इस प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि दो कार्यकाल पूरा करने वाली सरकार को जनता ने लगातार तीसरी बार मौका दिया है। राज्य के लोगों ने हमारी सरकार ही नहीं बनाई, बल्कि हमें सीटें भी ज्यादा दी हैं और वोट शेयर भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों के दिलों में बसी है और जनता ने विकास के मुद्दे पर जीत की हैट्रिक लगाई है। जनता जानती है कि भाजपा ही कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाती है। इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। अरुणाचल प्रदेश और गोवा में तीसरी बार भाजपा ने सरकार बनाई है। यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में कानून का राज स्थापित करने वाली भाजपा-एनडीए की सरकार को लोग बार-बार मौका दे रहे हैं।

कांग्रेस की सत्तालोलुप नीति पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार में ना रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के लिए देश और समाज को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। दलित-पिछड़े-आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये अब गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सच्चाई ये है कि कांग्रेस का शाही परिवार, दलितों-पिछड़ों-आदिवासियों से नफरत करता है। हरियाणा में भी इन्होंने दलितों और ओबीसी को भागीदारी देने से साफ इनकार कर दिया था। कांग्रेस के इस परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। देश ने कांग्रेस के किसानों को भड़काने के प्रयासों को देखा है। आज हरियाणा ने कांग्रेस को दो टूक संदेश दे दिया है कि देश विरोधी पॉलिटिक्स को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देशभक्तों को बांटने की साजिश को हरियाणा ने विफल कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के चुनाव परिणामों से एक और बात स्पष्ट हुई है कि कांग्रेस पूरी तरह से परजीवी पार्टी बन गई है। यहां हरियाणा में कांग्रेस परजीवी बनकर किसी के साथ नहीं थी, अकेली थी तो उसे करारी हार मिली। जम्मू-कश्मीर में उसकी सहयोगी पार्टी डर के मारे पहले से कह रही थी कि कांग्रेस की वजह से उसे नुकसान होगा। आज के नतीजों में भी वही दिखा है। आपको याद होगा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों में भी हमने यही देखा था। लोकसभा में कांग्रेस जितनी सीटें जीतीं, उनमें आधी से ज्यादा सीटें वो अपने सहयोगियों की वजह से जीती। इसके अलावा, जहां सहयोगियों ने कांग्रेस पर भरोसा किया, वहां उन सहयोगियों की ही नैया डूब गई। देश की विरासत से नफरत करने वाली कांग्रेस हर उस चीज की छवि को धूमिल करना चाहती है, जिस पर देशवासी गर्व करते हैं। वह चाहे चुनाव आयोग हो, देश की सेना हो, पुलिस हो या न्यायपालिका हो, कांग्रेस हर संस्था पर बेशर्मी से दाग लगाना चाहती है।

जम्मू-कश्मीर के चुनाव का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि इस बार का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक है। वहां पूरी तरह भारतीय संविधान लागू होने के बाद यह पहला चुनाव था। आजादी के सात दशक बाद भी अनेक लोगों को वोट डालने का हक नहीं था। उन्होंने भी पहली बार इस चुनाव में अपना वोट डाला है। जिस तरह लोगों ने रिकॉर्ड संख्या में वोट डाले, वो हर हिंदुस्तानी के दिल को खुश करने वाला है। हमारा जम्मू-कश्मीर, कर्फ्यू और अलगाववाद के कालखंड से बाहर निकल रहा है। हमने जम्मू-कश्मीर में संविधान की स्पिरिट और उसकी मर्यादा की पुनर्प्रतिष्ठा कर बाबासाहेब अम्बेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि मैंने विकसित भारत के लिए चार स्तंभों- किसान, युवा, महिलाएं और गरीब की बार-बार चर्चा की है। जम्मू-कश्मीर हो या हरियाणा हम इन्हीं चार स्तंभों के बलबूते देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जहां तक नारीशक्ति की बात है तो women led development आज देश का मिजाज बनता जा रहा है। हमारी माताओं-बहनों-बेटियों के सशक्तिकरण से जुड़े हर पहलू पर भाजपा का फोकस है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि भाजपा की सरकार, राष्ट्र को सर्वोपरि रखती है। केंद्र हो या प्रदेश, इन दस सालों में भाजपा की सरकार पर भ्रष्टाचार का एक दाग नहीं लगा है। हमने हरियाणा में भी लगातार दो टर्म सरकार चलाई है, यहां भी भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा। हमने सिर्फ समर्पण भाव से जनता के विकास के लिए काम किया। जब जनता ऐसे काम को प्रोत्साहित करती है, नेक नीयत और अच्छी नीति को सराहती है, तब काम करने की ऊर्जा भी दोगुनी हो जाती है। आज के जनादेश से भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का संकल्प और मजबूत हुआ है। इस जनादेश ने भारत को दुनिया की स्किल कैपिटल बनाने के संकल्प को भी मजबूती दी है। ये जनादेश भारत को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कठिन से कठिन फैसले लेने के लिए भी नया हौसला देगा। मैं आप सभी को पूरे देश को भरोसा देता हूं कि आने वाले 5 साल और तेज विकास के होंगे।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India has managed economy well through multiple shocks: ADB Chief Economist Park

Media Coverage

India has managed economy well through multiple shocks: ADB Chief Economist Park
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 27 अगस्त 2026
August 27, 2026

Make in India Goes Global: Engineering Boom, Rice Triumph & EU FTA Breakthrough Under PM Modi