उत्तराखंड के विकास के लिए काम करना भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता है : पीएम मोदी
आगामी चुनाव, उत्तराखंड बनाने वालों और इसके निर्माण को रोकने की साजिश रचने वालों के बीच है: पीएम मोदी
डबल इंजन की सरकार आने से चीजें कैसे बदलती हैं, विकास पर लगे ब्रेक कैसे हटते हैं, इसका बहुत बड़ा उदाहरण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तराखंड हमारे लिए देवभूमि है, लेकिन कुछ लोग इसे अपनी तिजोरी समझते हैं। देवभूमि की देवतुल्य जनता ने यह तय कर लिया है कि अब उन लोगों को मौका नहीं देना है, जो राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से अपनी जेबें भरते रहना चाहते हैं। पीएम मोदी हरिद्वार में वर्चुअल रैली के माध्यम से उत्तराखंड की जनता और बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी ने कहा जो लोग उत्तराखंड को राज्य के रूप में देखना ही नहीं चाहते थे, वो क्या उत्तराखंड का विकास होते देखना चाहेंगे?

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “उत्तराखंड की पारखी जनता जानती है कि ये चुनाव उत्तराखंड राज्य का सपना पूरा करने वालों और उत्तराखंड के निर्माण को छल-साजिश से रोकने वालों के बीच में है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी है, जिसने अपनी सरकार में आने के तुरंत बाद अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य बनाया। दूसरी ओर, वो लोग हैं जिन्होंने उत्तराखंड के निर्माण को रोकने के लिए हर संभव षड्यंत्र किया, जितने अटका सकते थे रोड़े अटकाए।” उन्होंने कहा, “उत्तराखंड हमारे और आपके लिए तो देवभूमि है, लेकिन ये लोग उत्तराखंड को अपनी तिजोरी समझते हैं। देवभूमि की देवतुल्य जनता ने ये तय कर लिया है कि अब इन्हें मौका नहीं मिलने वाला है। ये पुण्य प्रदेश अब इन्हें भ्रष्टाचार का पाप नहीं करने देगा।”

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के विकास पर जोर देते हुए कहा कि, “राज्य का विकास यहां के लोगों के जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि देश की अखंडता के लिए भी जरूरी है। हमारे लिए उत्तराखंड का विकास, यहां की सेवा, पुण्य का काम है। इसलिए, हम उत्तराखंड और हरिद्वार के लिए काम करते हैं, जी-जान लगाकर काम करते हैं, पवित्र मन से काम करते हैं, जबकि वो अपने ‘घर-द्वार’ और परिवार के लिए काम करते हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली सरकारों में विकास की सुस्त रफ्तार का जिक्र करते हुए कहा कि, “डबल इंजन की सरकार आने से चीजें कैसे बदलती हैं, विकास पर लगे हुए ब्रेक कैसे हटते हैं, इसका बहुत बड़ा उदाहरण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम एक दशक पहले शुरू होना था। लेकिन पिछली ब्रेक वाली सरकार ब्रेक पर ब्रेक लगाती रही। 2011 से 2014 तक उनकी यहां भी सरकार थी और केंद्र में भी थी। यानी, डबल ब्रेक वाली सरकार! डबल ब्रेक वाली सरकार द्वारा 3-4 सालों में इतने बड़े काम के लिए केवल 4 करोड़ रुपए खर्च किए गए। 2014 में जब केंद्र में हमारी सरकार आई, तो एक ब्रेक कम हुआ। 2017 में जब देहरादून में डबल इंजन की सरकार आई, उसके बाद से करीब साढ़े पांच हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। जल्द ही पहाड़ों पर रेल का ये बड़ा काम पूरा हो जाएगा।” पीएम मोदी ने कहा कि, विकास की रफ्तार में “ब्रेक लगाने वाले फिर से मौके की तलाश में बैठे हैं, लेकिन अब उत्तराखंड को गति चाहिए, प्रगति चाहिए। उत्तराखंड को लगातार डबल इंजन की सरकार चाहिए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने मां गंगा के स्वच्छता अभियान नमामि गंगे को भी याद किया और पिछली सरकारों से तुलना भी की। पीएम मोदी ने कहा कि, “हम सत्ता में आए तो हमने मां गंगा की सेवा की। आज मां गंगा निर्मल हो रही है। लेकिन, जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने इसी हरिद्वार में हरि की पौड़ी पर मां गंगा को नहर घोषित कर दिया था। क्या दुनिया में कोई कल्पना कर सकता है? दुनिया की सबसे विख्यात नदियों में से एक गंगा को कोई नहर घोषित कर दे, ताकि खनन और लूट माफिया अपना खेल-खेल सकें।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने इनके फैसले को पलटा, गंगा को लूटने का ये खेल बंद कराया। पीएम मोदी ने कहा कि, “जिसको देवभूमि की पवित्रता में, यहां की संस्कृति में जरा सी भी आस्था होगी, वो ऐसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। उत्तराखंड की जनता ने इनके पापों की सजा इन्हें दी, लेकिन इनकी मानसिकता बदल नहीं रही है। कांग्रेस नेता यूनिवर्सिटी के नाम पर जो तुष्टिकरण यहां कर रहे हैं, वो उत्तराखंड के लोगों की आंखें खोलने के लिए काफी है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को कोई और मौका न देने का आह्वान करते हुए कहा कि, “मैं आपको बताना चाहता हूं, यूपी में योगी फिर आ रहे हैं। और योगी जी जब आते हैं, तो अपराधी माफिया भागते हैं। यहां अगर कांग्रेस सरकार होती, तो यूपी से भागकर बगल में हरिद्वार में ही ये अपना ठिकाना बनाते। यहां उनकी खातिरदारी की जाती, वोट बैंक बनाया जाता। इसलिए सतर्क रहना है, कांग्रेस को फिर से मौका नहीं देना है।”

 

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Boost for India! IMF raises GDP growth forecast to 6.5% for FY27 despite Middle East conflict; lower US tariffs to benefit economy

Media Coverage

Boost for India! IMF raises GDP growth forecast to 6.5% for FY27 despite Middle East conflict; lower US tariffs to benefit economy
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं
April 15, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह पवित्र देवभूमि अपनी समृद्ध परंपराओं, अनुपम सांस्कृतिक धरोहर तथा यहां के लोगों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और विनम्रता के कारण एक विशेष पहचान रखती है।

इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के सभी परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

प्रधानमंत्री ने एक्स(X) पर लिखा;

“समस्त हिमाचलवासियों को हिमाचल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन देवभूमि अपनी समृद्ध परंपराओं, अनुपम सांस्कृतिक धरोहर और यहां के लोगों की कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठा और विनम्रता के कारण विशेष पहचान रखती है। इस पुनीत अवसर पर मैं प्रदेश के सभी परिवारजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”