उत्तराखंड के लोग, इस राज्य की 'देवभूमि' के लिए मेरे कनेक्शन और मेरे प्यार को जानते हैं: पीएम मोदी
जब कांग्रेस, राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर सत्ता में थी, तब उत्तराखंड को डबल ब्रेक लगाकर हर तरफ से पीछे धकेल दिया गया था: पीएम मोदी
उत्तराखंड के विकास के लिए यहां के युवाओं, महिलाओं, किसानों और सभी को ध्यान में रखते हुए नए संकल्प लिए गए हैं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के श्रीनगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ भारतीय जनता पार्टी ने जो संयुक्त रूप से उत्तराखंड के स्वर्णिम भविष्य का सपना देखा है, उसे भाजपा सरकार अवश्य पूरा करेगी। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड से अपने लगाव के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड का हर नागरिक जानता है कि मेरा इस देवभूमि से नाता क्या है, लगाव कितना है। 2019 में चुनाव का आखिरी दौर चल रहा था, मैं खुद जिस काशी से चुनाव लड़ रहा था, वहां पर मतदान होना था, लेकिन मेरा मन कर गया इस देवभूमि की माटी को माथे पर चढ़ाने का, यहां तो चुनाव हो गया था, यहां मतदान बाकी नहीं था, काशी में मतदान बाकी था, लेकिन बाबा केदार ने मुझे पुकारा और फिर मैं यहां चला आया। कारण ये देवभूमि के प्रति मेरी भक्ति, ये देवभूमि के प्रति मेरा लगाव ही तो है। ये देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। यहां से सदा ऊर्जा मिलती है, प्रेरणा मिलती है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र पर चर्चा करते हुए कहा, “भाजपा का यह संकल्प पत्र, इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाएगा। इसमें उत्तराखंड के विकास के लिए, यहां के युवाओं, महिलाओं और किसानों के साथ ही सभी के लिए नए संकल्प लिए गए हैं। इस संकल्प पत्र में जहां गरीब बहनों को ताकत देने का समाधान है, वहीं हर जिले में जिला मेडिकल कॉलेज बनाने का संकल्प है। इसमें उत्तराखंड की धरोहर को बचाने और हैरिटेज टूरिज्म को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर है।”

पीएम मोदी ने पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा, “पिछले पांच सालों में डबल इंजन सरकार ने इतना काम किया है, कि अब ब्रेक लगाने वालों को भी वही वादे करने पड़ रहे हैं। केदारधाम में हमने 2017 में पुनर्विकास के काम शुरू किए थे और ज़्यादातर परियोजनाएं पूरी भी हो गई हैं। बद्रीनाथ धाम के विकास के लिए भी कई सौ करोड़ की लागत से प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। चार धाम प्रोजेक्ट के तहत 12 हजार करोड़ की लागत से ऑल-वेदर रोड बनाई जा रही है। चार धाम प्रोजेक्ट में गढ़वाल का बड़ा हिस्सा कवर होता है, इसलिए इसका लाभ पूरे गढ़वाल को मिलेगा। इसी तरह, ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से काम हो रहा है। इस बार केंद्र सरकार के बजट में देश के पहाड़ी इलाकों के लिए खास तौर पर पर्वतमाला प्रोजेक्ट की घोषणा की गई है। उत्तराखंड को भी इस प्रोजेक्ट का लाभ मिलेगा।” 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब अलग उत्तराखंड राज्य बना था तब अटल विहारी वाजपेयी ने यहां के लोगों के सपनों को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय किया था। उस संकल्प को उत्तराखंड के लोगों और भाजपा ने मिलकर पूरा किया था। उत्तराखंड के स्वर्णिम भविष्य के लिए सपने भी हमने मिलकर देखे थे। उत्तराखंड में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर हो, अच्छी सड़कें हों, शिक्षा स्वास्थ्य की आधुनिक सुविधाएं हों, आपका जीवन आसान बने, युवाओं का भविष्य बेहतर बने, ऐसे अनेक संकल्प हमने मिलकर लिए थे। लेकिन दुर्भाग्य से, जब केंद्र और राज्य दोनों जगह कांग्रेस की सरकार थी, तब उत्तराखंड को डबल ब्रेक लगाकर हर तरफ से पीछे धकेला गया। लेकिन उत्तराखंड के लोगों ने पहला ब्रेक 2014 में दिल्ली से और दूसरा ब्रेक 2017 में देहरादून से हटा दिया। जब ये सत्ता में थे, तब इनको कभी ‘चार धाम’ की याद नहीं आई। जबकि भाजपा के लिए चार धाम और देवभूमि का विकास आस्था, संस्कृति और जनसेवा का संकल्प है, समर्पण है।”

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा, “उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा सजग प्रहरी की तरह देश की रक्षा की है। वीर सपूत जनरल बिपिन रावत जी ने देश को दिखाया कि उत्तराखंड के लोगों के पास न केवल पहाड़ जैसा साहस होता है, बल्कि हिमालय जैसी ऊंची सोच भी होती है। उत्तराखंड के लोग कभी भूल नहीं सकते कि सेना को लेकर इन लोगों का रवैया क्या रहा है। ये तो भाजपा सरकार है, जो देहरादून में उत्तराखंड के शहीदों के सम्मान में ‘सैन्य धाम’ बना रही है। मैंने एक बार कहा था, उत्तराखंड यानि चार धाम ही काफी नहीं है, उत्तराखंड में चार धाम तो सदियों से है ही, यहां एक पांचवां धाम भी है सैन्य धाम, वीर सपूतों का धाम, वीर माताओं का धाम। उत्तराखंड का ये गौरव उन लोगों की समझ में नहीं आएगा जो देश की सेना और शहीदों का मज़ाक उड़ाते हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि उत्तराखंड को प्राकृतिक खेती यानि नैचुरल फ़ार्मिंग के लिए प्रकृति का असीम आशीर्वाद मिला हुआ है। लेकिन, ये लाभ आप तक तभी पहुंचेगा जब दिल्ली से चलने वाली विकास की धारा को देहरादून से भी ताकत मिले। ऐसे लोग न आ जाएं कि दिल्ली से आ रही विकास की धारा को वहीं ठप कर दें। इसके लिए जरूरी है कि आप 14 तारीख को बेईमानी और भ्रष्टाचार को ही रोक दें। 14 तारीख को आप वंशवाद, परिवारवाद, संप्रदायवाद और तुष्टीकरण को देवभूमि से बाहर का रास्ता दिखा दें।



Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Teachers: The artists of education

Media Coverage

Teachers: The artists of education
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 7 सितंबर 2026
September 07, 2026

Vasudhaiva Kutumbakam in Action: Tech Hub, Border Villages, Global Leadership by PM Modi