प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज आर्थिक मामलों पर मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में 12वीं पंचवर्षीय योजना (2012-13 से 2016-17) के दौरान कॉफी बोर्ड के एकीकृत कॉफी विकास परियोजना प्रस्ताव के क्रियान्वयन को मंजूरी प्रदान की गई। यह व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की 26 सितम्बर, 2013 को हुई बैठक की सिफारिशों पर आधारित है।
12वीं पंचवर्षीय योजना के पांच वर्ष की अवधि के लिए 950 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय का विवरण निम्नानुसार हैः-
| क्र. संख्या | परियोजना | व्यय |
| 1 | दीर्घकालिक कॉफी उत्पादन के लिए अनुसंधान और विकास | 137.50 |
| 2 | तकनीक का हस्तांतरण और क्षमता संवर्धन कार्यक्रम | 92.00 |
| 3 | परंपरागत क्षेत्रों में कॉफी के लिए विकास सहयोग | 311.00 |
| 4 | गैर-परंपरागत क्षेत्रों में कॉफी विकास कार्यक्रम | 125.00 |
| 5 | पूर्वोत्तर में कॉफी विकास कार्यक्रम | 54.50 |
| 6 | कॉफी के लिए वर्षा बीमा योजना (आरआईएससी) | 10.00 |
| 7 | कॉफी एस्टेट संचालन के मशीनीकरण के लिए सहयोग | 80.00 |
| 8 | निर्यात को प्रोत्साहन | 60.00 |
| 9 | बाजार का विकास | 55.00 |
| 10 | मूल्य संवर्धन के लिए सहयोग | 25.00 |
| कुल व्यय | 950.00 |
इस योजना का प्रमुख उद्देश्य कॉफी की बेहतर किस्मों और तकनीक का प्रयोग कर उत्पादन में बढ़ोत्तरी, उत्पादकता और कॉफी की गुणवत्ता बढ़ाना है जिससे कि भारतीय कॉफी का विदेशी और घरेलू बाजार में प्रचार किया जा सके।


