परस्पर संबंधों को व्यापक और सुदृढ़ बनाने को किया फलदायी परामर्श
गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से आज बांग्लादेश के भारत स्थित उच्चायुक्त श्री तारिक ए. करीम ने औपचारिक मुलाकात की। भारत एवं बांग्लादेश विशेषकर गुजरात तथा बांग्लादेश के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक संबंधों की साम्यता के मद्देनजर परस्पर संबंधों को और भी व्यापक तथा सुदृढ़ बनाने के लिए इस बैठक में फलदायी परामर्थ किया गया।भारत के साथ दीर्घकालिक संबंध रखने की तत्परता के साथ श्री तारिक करीम ने कहा कि, बांग्लादेश में कॉटन-टेक्सटाइल, शिप बिल्डिंग एवं शिप ब्रेकिंग उद्योग के लिए विकास के अवसर मौजूद हैं। वहीं, गुजरात भी कॉटन टेक्सटाइल और शिप बिल्डिंग के क्षेत्र में अग्रसर है, ऐसे में इस दिशा में परस्पर विकास को लेकर आगे बढ़ा जा सकता है। बैठक में गुजरात में समुद्री तट पर सी-विड (समुद्री शैवाल की खेती) और मैन्ग्रोव्ज के वृक्षों की बुवाई की विशाल संभावनाओं तथा बांग्लादेश की भी इस दिशा में विकास की तत्परता को ध्यान में लेते हुए परस्पर भागीदारी के क्षेत्र विकसित करने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने गुजरात में पर्यटन के क्षेत्र में सिरमौर बने रणोत्सव में भाग लेने के लिए श्री करीम को आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य अग्र सचिव के. कैलाशनाथन भी मौजूद थे।




