परिचय
पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार की नीतियों ने भारत की अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से बदल दिया है। करोड़ों लोगों को आसानी से ऋण (लोन) मिलने लगा, जिससे समाज में समानता बढ़ी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। खासतौर पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) ने बैंकिंग व्यवस्था को पहले जैसी धीमी और उलझनभरी नहीं रहने दिया, बल्कि उसे पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बना दिया।
2000 के दशक की शुरुआत में भारत की बैंकिंग व्यवस्था असंतुलित थी। बड़े कारोबारी और अमीर लोग आसानी से लोन ले लेते थे, लेकिन छोटे दुकानदार, कारीगर और गरीब लोग साहूकारों के भरोसे रहते थे, जो उनसे भारी ब्याज वसूलते थे। बैंक गरीबों को नजरअंदाज करते थे, जबकि यही लोग देश की अनौपचारिक (छोटे स्तर की) अर्थव्यवस्था की रीढ़ थे।
2014 में राष्ट्रीय नेतृत्व ने भारत की आर्थिक संरचना को नए सिरे से परिभाषित किया है। पारंपरिक ऊपर से नीचे की नीतियों को छोड़कर, जनता को सीधे सशक्त करने पर जोर दिया गया।
मुद्रा (माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी) का जन्म इसी अंतर को पाटने के लिए हुआ, जो बिना सिक्योरिटी के छोटे उद्यमों और व्यक्तियों को ऋण देता है—ऐसे लोग जिन पर औपचारिक वित्तीय संस्थानों ने पहले कभी भरोसा नहीं किया था।
नीचे से ऊपर की इस रणनीति ने दिखाया कि बैंक वित्तीय समावेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ नवाचार को प्रोत्साहित कर सकते हैं, अपने व्यवसाय और ग्राहक आधार को बढ़ा सकते हैं, मुनाफा कमा सकते हैं, और नॉन-परफॉर्मिंग असेट्स (NPA) को कम कर सकते हैं—वह भी बिना किसी समझौते के।
अनौपचारिक क्षेत्र का डिजिटल एकीकरण
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) ने भारत के विशाल अनौपचारिक क्षेत्र और छोटे व्यवसायों को लक्षित किया, जो पारंपरिक रूप से महंगे अनौपचारिक ऋण पर निर्भर थे। बैंकों को आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली (AEPS), मोबाइल बैंकिंग ऐप्स, और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए तेज और कुशल सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
ऋण आवेदन और वितरण को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे उद्यममित्र और बैंक-विशिष्ट टूल्स के जरिए आसान बनाया गया, जिससे प्रक्रिया शाखाओं से डिजिटल इंटरफेस पर स्थानांतरित हो गई।
इस कदम ने सूक्ष्म-उद्यमियों के लिए ऋण तक पहुंच को सरल बनाकर भारत के वित्तीय समावेश को गति दी गई है।
साथ ही, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) की खास बात इसकी अलग-अलग स्तर की लोन व्यवस्था है—शिशु (50,000 रुपये तक), किशोर (50,001 से 5 लाख रुपये), तरुण (5 लाख 1 रुपये से 10 लाख रुपये तक), और अब तरुण प्लस (20 लाख रुपये तक)। यह हर स्तर के कारोबार को उनकी ज़रूरत के हिसाब से मदद देती है।
बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB), छोटे वित्त बैंक, एनबीएफसी (NBFC), और माइक्रोफाइनेंस संस्थानों (MFI) का बड़ा नेटवर्क इस योजना को देशभर में लागू कर रहा है। साथ ही, मुद्रा योजना को फिर से वित्तीय मदद (refinance) देकर इसे और भी मजबूत बनाया गया है। इससे छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) और प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) ने मिलकर यह तय किया कि जो लोग पहले बैंकिंग सेवाओं से दूर थे, उन्हें भी अब बैंकिंग का पूरा फायदा मिले। अप्रैल 2025 तक, 52 करोड़ से ज़्यादा बिना किसी गारंटी के लोन दिए जा चुके हैं। यह दिखाता है कि आम भारतीयों को अब मुद्रा योजना पर भरोसा है।
यह भरोसे पर आधारित तरीका पारंपरिक बैंकिंग की उन दीवारों को तोड़ता है, जो अक्सर लोगों से ऐसी ज़मीन-जायदाद की मांग करती थी जो गरीबों के पास होती ही नहीं थी। अब बिना किसी बड़ी जमानत के भी लोग अपने सपनों को पूरा करने के लिए लोन ले पा रहे हैं।
मुद्रा योजना के तहत लोन देने की रफ्तार हैरान कर देने वाली थी। जितनी देर में एक ट्रैफिक सिग्नल हरा होता है, उतनी देर में 100 लोन मंजूर हो जाते थे। एक रेडियो गाना खत्म होने तक 400 लोन, एक फास्ट डिलीवरी के समय में 1,000 लोन, और किसी OTT शो के एक एपिसोड के दौरान 5,000 लोन लोगों की ज़िंदगी बदल रहे थे।
यह सिर्फ छोटे-मोटे लोन देने की बात नहीं थी, बल्कि एक बहुत बड़ा बदलाव था—33 लाख करोड़ रुपये सीधे गांवों, कस्बों और नए उद्यमियों तक पहुंचे, जो कई देशों की GDP से भी ज़्यादा है। यह देश के छोटे कारोबारियों के हाथ में ताकत देने वाला एक बड़ा आंदोलन बन गया।
बैंकों और MSMEs के लिए दोहरा लाभ
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) ने बैंकों के लिए जोखिम को समझदारी से संभालने का एक नया रास्ता दिखाया। 2014 से पहले, बैंकों को बड़ी कंपनियों से लोन वापस न मिलने (NPA) की भारी समस्या थी। कई कंपनियां अपनी बैलेंस शीट में हेरा-फेरी करती थीं, और बैंक सीमित विकल्पों के कारण उन्हें मजबूरी में लोन देते थे।
लेकिन 2015 में PMMY की शुरुआत ने हालात बदल दिए। बैंकों ने छोटे कारोबारियों और सूक्ष्म उद्यमों की तरफ ध्यान देना शुरू किया, जो ज्यादा लचीले होते हैं और भरोसेमंद भी। इस योजना से बैंकों को भी फायदा हुआ। 20 लाख रुपये तक के लोन पर सरकार की क्रेडिट गारंटी और पुनः वित्तपोषण(फिर से लोन देने) की सुविधा ने लोन डिफॉल्ट का खतरा घटा दिया।
इसका असर साफ दिखा—अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (SCBs) का NPA मार्च 2020 में जहां 11% था, वो मार्च 2024 तक घटकर सिर्फ 4% रह गया है।
MSME यानी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए बिना किसी गारंटी के सस्ते लोन ने उन्हें और ज्यादा आकर्षक बना दिया। धीरे-धीरे ये छोटे व्यवसाय नए उद्यमियों के लिए आदर्श बन गए। PMMY के तहत दिए गए मुद्रा लोन में भी सुधार दिखा—2023-24 में NPA घटकर सिर्फ 3.4% रह गया। इसका मतलब ये है कि इतने बड़े पैमाने पर लोन देने के बावजूद, लोगों ने लोन चुकाने की जिम्मेदारी दिखाई।
वित्तीय तंत्र में भी नियमों और संतुलन का अच्छा ध्यान रखा गया, जिससे ये व्यवस्था और मजबूत हुई। बैंकों को अब सिर्फ बड़ी कंपनियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, जिससे उनका जोखिम भी कम हुआ। देश को भी इसका बड़ा फायदा मिला—स्थानीय सप्लाई चेन मजबूत हुई, छोटे स्तर पर इनोवेशन बढ़ा, और “छोटा शुरू करो, बड़ा बनो” की सोच लोगों में बैठ गई।
MSME क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों ने निर्यात के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया। 2020-21 में जहां 52,849 MSMEs निर्यात कर रहे थे, वहीं 2024-25 तक इनकी संख्या बढ़कर लगभग 2 लाख हो गई। अब MSMEs देश की कुल GVA (सकल मूल्य वर्धन) में 30% और कुल निर्यात में 45% से ज्यादा योगदान दे रहे हैं। इनका निर्यात 2020-21 में 4 लाख करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
.बैंकों के लिए PMMY एक फायदे का सौदा बना, और MSMEs के लिए ये योजना आसान और भरोसेमंद लोन पाने का जरिया बनी। यह एक ऐसा मॉडल बना जो स्मार्ट जोखिम प्रबंधन और भरोसे पर टिका हुआ है—दोनों के लिए फायदेमंद है ।
मुद्रा से सृजित हुए नए अवसर
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) ने भारत में आर्थिक विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया है। 2025 तक इस योजना के तहत 33 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के लोन मंज़ूर किए जा चुके हैं।
इससे साबित होता है कि छोटे लोन—50,000 रुपये (शिशु) से लेकर 20 लाख रुपये (तरुण प्लस) तक—अब बैंकों के लिए सिर्फ नियमों को निभाने का काम नहीं रह गए हैं, बल्कि ये अब देश के विकास का एक मजबूत जरिया बन चुके हैं।
मुद्रा के तहत मिलने वाला पुनर्वित्त और क्रेडिट गारंटी सिस्टम बैंकों के जोखिम को भी कम करता है। आज डिजिटल टूल्स की मदद से लोन लेने वालों का रिकॉर्ड ट्रैक करना आसान हो गया है और लोन पास करने के फैसले भी तेज़ी से हो रहे हैं।
बैंकों और भारत के वित्तीय समावेशन के बीच बेहतर तालमेल बना है। 12 सरकारी बैंकों ने इस दौरान तेज़ी से कमाई बढ़ाई है, NPA कम किया है और अपनी कमाई पर बेहतर रिटर्न हासिल किया है। इन बैंकों ने पिछले 10 सालों में, PMMY की वजह से, 5 से 9 गुना तक शुद्ध मुनाफा बढ़ाया है।
PMMY ने प्राथमिकता वाले क्षेत्र के लोन को फायदे का सौदा बना दिया है। इसने बैंकों की कमाई को भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में जोड़ा है। इस तरह के छोटे लोन ने न सिर्फ वंचित लोगों की मदद की है, बल्कि बैंकों के लिए भी एक भरोसेमंद और लाभदायक रास्ता तैयार किया है। इससे दोनों के रिश्ते में संतुलन और मजबूती आई है।
निष्कर्ष
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) भारत की एक ऐसी योजना है जो दिखाती है कि हमारा देश एक मजबूत, सबको साथ लेकर चलने वाली और लचीली आर्थिक व्यवस्था बनाना चाहता है।
यह योजना न सिर्फ हमारे आर्थिक लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करती है, बल्कि आम लोगों को आसान और नए तरीके के वित्तीय समाधान देकर उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाती है।
PMMY सिर्फ एक योजना नहीं है—यह भारत की आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुकी है। यह दिखाती है कि हम अपने देश के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए स्वदेशी और टिकाऊ रास्ते अपना रहे हैं। यह योजना भारत के लंबे समय के आर्थिक विकास और सबको साथ लेकर आगे बढ़ने के विज़न से पूरी तरह जुड़ी हुई है।