भारत निर्विवाद रूप से ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) का वैश्विक लीडर बन चुका है। आज भारत में 1800 से ज्यादा सेंटर हैं, जो 1400 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए काम कर रहे हैं। ये सेंटर बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए एनालिटिक्स, टेक्नोलॉजी सपोर्ट, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और इनोवेशन जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हैं। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था भारत की भूमिका तेजी से बढ़ रही है।
नैसकॉम-केपीएमजी (Nasscom-KPMG) की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स मार्केट सालाना 11.4% की दर से बढ़कर $64.6 बिलियन तक पहुंच गया था, जो कि 2014-15 में $19.6 बिलियन था। भारत का ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर इकोसिस्टम आज देश के आर्थिक विकास का बड़ा केंद्र बन चुका है।
19 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाले GCCs हाई-वैल्यू सर्विसेज प्रदान कर रहे हैं। प्रत्येक डॉलर के निवेश पर 3 डॉलर की वैल्यू जेनरेट कर, और प्रत्येक GCC रोल के साथ 5 स्थानीय नौकरियों के अवसर पैदा कर GCCs भारत को इनोवेशन और कंपटीशन का वैश्विक केंद्र बना रहे हैं।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के शीर्ष पर भारत: एक सुनियोजित सफलता
GCCs के मुख्य केंद्र के रूप में भारत का उदय कोई संयोग नहीं है, बल्कि एक सोच-समझकर बनाई गई रणनीति का नतीजा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस', 'मेक इन इंडिया' और 'डिजिटल इंडिया' जैसी पहलों से समृद्ध व्यापारिक माहौल ने GCCs के विकास के लिए उचित माहौल तैयार किया है। SPICe+ (स्पाइस प्लस) की शुरुआत से कंपनी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान हुई है, जबकि जन विश्वास (संशोधन) अधिनियम, 2024 ने 42 केंद्रीय कानूनों की 183 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया, जिससे कंप्लायंस का जटिल बोझ कम हुआ और व्यापार के अनुकूल माहौल बना।
‘मेक इन इंडिया’ नीतियों के अंतर्गत प्रमुख क्षेत्रों में 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) और स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) में टैक्स में छूट जैसी सुविधाओं ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भारत की ओर आकर्षित किया है।
कॉस्ट सेंटर से इनोवेशन हब तक
मोदी सरकार द्वारा लॉन्च कि गई डिजिटल इंडिया पहल ने भारत के युवाओं को डिजिटल दक्षता प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई है, जो कि GCCs (ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स) सेगमेंट का प्रमुख आधार है। हाई-स्पीड इंटरनेट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुलभ बनाकर डिजिटल इंडिया ने शहरी और ग्रामीण इलाकों के बीच की खाई को पाट दिया है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र के युवाओं की वैश्विक अर्थव्यवस्था में भागीदारी बढ़ रही है।
वर्ष 2023 में लॉन्च हुए स्किल इंडिया डिजिटल हब ने इस बदलाव को और तेजी दी है। डिजिटल CV जैसे नए कॉन्सेप्ट लॉन्च किए गए हैं, जहां पर्सनलाइज्ड QR कोड के माध्यम से एक साधारण स्कैन द्वारा संभावित नियोक्ता द्वारा किसी व्यक्ति के डिजिटल पोर्टफोलियो को एक्सेस किया जा सकता है। इसमें उम्मीदवार के कौशल, योग्यता, अनुभव और उपलब्धियों की पूरी जानकारी होती है। यह परिवर्तन केंद्र और राज्य सरकारों, निजी संगठनों, और उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच समन्वित प्रयासों के माध्यम से संभव हुआ है, जिसके अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग, और डेटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
भारत के GCCs पारंपरिक आउटसोर्सिंग हब से आगे बढ़कर अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) बन गए हैं, जो रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) के सृजन जैसे हाई-वैल्यू फंक्शन्स पर काम कर रहे हैं।
इस बदलाव ने GCCs को लाभप्रद केंद्रों में बदल दिया है, जो अब वैश्विक स्तर के बराबर सैलरी प्रदान कर रहे हैं और लागत में अंतर के लाभ से कहीं अधिक महत्वपूर्ण परिणाम दे रहे हैं।
भारत के विशाल और कुशल वर्कफोर्स, हाई-स्पीड इंटरनेट, उन्नत इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाते हुए, GCC इनोवेशन को आगे बढ़ाकर भारत को डिजिटल अर्थव्यवस्था का ग्लोबल लीडर बना रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार, वर्ष 2030 तक डिजिटल अर्थव्यवस्था का देश की कुल अर्थव्यवस्था में योगदान लगभग 20% तक पहुंच जाएगा।
Tier 2 और 3 शहरों में सुनियोजित विस्तार
GCCs का विकास केवल भारत के बड़े महानगरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अहमदाबाद, हैदराबाद, कोच्चि, विशाखापत्तनम, जयपुर और कोयम्बतूर जैसे Tier 2 और 3 शहर भी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर उभरे हैं।
ये शहर कम ऑपरेशनल लागत और विविधतापूर्ण, हाई-क्वालिटी टैलेंट उपलब्ध कराते हैं, जो दोनों पक्षों के लिए लाभप्रद है। GCCs के इस विस्तार ने स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया है, जिससे रियल-एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और परिवहन जैसे क्षेत्रों में डिमांड बढ़ी है।
स्टार्टअप्स, विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ सहयोग ने GCCs को स्थानीय इकोसिस्टम में मजबूती से जोड़ा है, जिससे इनोवेशन और सतत विकास को बढ़ावा मिला है।
वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की रणनीतिक बढ़त
भारत का GCC इकोसिस्टम मलेशिया, वियतनाम और फिलीपींस जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले अलग और बेहतर है। जहां ये देश श्रम की लागत के मामले में प्रतिस्पर्धी हो सकते हैं, वहीं वे अनुपात, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिभा के क्षेत्र में भारत से पीछे हैं।
भारत का उन्नत भौतिक और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, साथ ही उसका मजबूत GCC इकोसिस्टम इसे दूसरों से अलग बनाता है। फिलीपींस मुख्य रूप से बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) पर केंद्रित है, जबकि मलेशिया और वियतनाम भारत की प्रतिभा और इनोवेशन-प्रेरित माहौल का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।
प्रतिभा की उपलब्धता, कॉस्ट एडवांटेज और सपोर्टिव इकोसिस्टम के कारण भारत में GCCs तेजी से स्थापित हो रहे हैं, जो वैश्विक GCC परिदृश्य में देश का प्रभुत्व सुनिश्चित रखने में मदद कर रहे हैं।
अर्थव्यवस्था पर गुणक प्रभाव (Multiplier Effect)
GCC सिर्फ नौकरी देने वाले केंद्र नहीं, बल्कि पूरे आर्थिक तंत्र को गति देने वाले मल्टिप्लायर की भूमिका निभा रहे हैं। GCC की प्रत्येक जॉब के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था में पाँच अतिरिक्त नौकरियों के अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे सहायक क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। GCC गतिविधियों में आई तेजी ने शहरों को समृद्ध व्यवसायिक केंद्रों में बदल दिया है, जिसका सकारात्मक असर रियल-एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और परिवहन जैसे क्षेत्रों पर पड़ा है।
स्थानीय स्टार्टअप्स, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के साथ भागीदारी में GCCs इनोवेशन को प्रोत्साहित कर रहे हैं और भारत को अगली औद्योगिक क्रांति में ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित कर रहे हैं।
भविष्य की ओर बढ़ता भारत
भारत के GCCs अब केवल बैक-ऑफिस सपोर्ट सिस्टम नहीं रह गए हैं, बल्कि वे अब ग्लोबल इनोवेशन और आर्थिक विकास को दिशा देने वाले प्रमुख संसाधन बन चुके हैं। मजबूत पॉलिसी फ्रेमवर्क, कुशल वर्कफोर्स और हाई-वैल्यू फंक्शन्स पर फोकस के साथ, भारत पारंपरिक आउटसोर्सिंग मॉडल्स से आगे निकल चुका है और अगली वैश्विक क्रांति की बुनियाद रख रहा है। जैसे-जैसे डिजिटल इकोनॉमी का विस्तार हो रहा है, वैश्विक कारोबार के भविष्य को आकार देने और भारत को इनोवेशन व हाई-वैल्यू डिलीवरी की वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करने में यहां के GCCs सबसे आगे रहेंगे।