एक दशक पहले भारत के युवाओं, खासकर छोटे शहरों और गांवों से आने वाले युवाओं को उच्च शिक्षा में अपनी जगह बनाना मुश्किल होता था। सीमित विश्वविद्यालय और कम सीटों की वजह से शिक्षा तक पहुंच असमान थी और देशभर में युवाओं की उम्मीदें कमजोर पड़ जाती थीं। लेकिन पिछले ग्यारह वर्षों में यह स्थिति पूरी तरह बदल गई है। प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश की उच्च शिक्षा प्रणाली में तेजी से परिवर्तन हुआ है। सरकार के प्रयासों—नए विश्वविद्यालयों और आईआईटी की स्थापना से लेकर STEMM में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, कौशल विकास कार्यक्रमों से लेकर स्टार्टअप को समर्थन देने तक—ने भारत के युवाओं के लिए सीखने, आगे बढ़ने और नेतृत्व करने की एक मजबूत नींव तैयार की है।
शिक्षा सबके लिए: बढ़ते विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज
साल 2014 में जहां देश में 723 विश्वविद्यालय थे, वहीं 2024 तक यह संख्या बढ़कर 1,213 हो गई है। यह वृद्धि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (2020) के विस्तार, नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों और राष्ट्रीय महत्त्व के संस्थानों की स्थापना, तथा प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (PM-USHA) और राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण संभव हुई है। उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या भी 2014 के 51,500 से बढ़कर 2024 में लगभग 59,000 हो गई है—जिससे लाखों छात्रों को अब अपने घर के पास ही बेहतर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। यह विकास केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न विषयों की विविधता, हर क्षेत्र तक पहुंच और डिजिटल सुविधाओं में व्यापक सुधार के रूप में भी देखा जा सकता है।
पिछले दस वर्षों में देश में मेडिकल शिक्षा ने जबरदस्त प्रगति की है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 780 हो गई है और मेडिकल सीटों में 130% से अधिक की वृद्धि हुई है। स्नातकोत्तर मेडिकल सीटों की संख्या भी 2014 में 31,185 से बढ़कर 2024 में 74,306 हो गई है, यानी 138% की बढ़ोतरी हुई है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान – IIT और IIM की संखयाएं भी क्रमानुसार 16 से बढ़कर 23 और 13 से बढ़कर 20 हो गए हैं, जिससे शीर्ष स्तर की शिक्षा तक पहुंच और आसान हुई है। बीते दशक में हुए इस तेज़ विस्तार ने देश को एक नई पीढ़ी के टेक्नोक्रेट्स, मैनेजमेंट एक्स्पर्ट्स और मेडिकल प्रोफेशनल्स प्रदान किए हैं, जो राष्ट्र सेवा में लगे हैं।
भारत की बढ़ती वैश्विक शैक्षणिक छवि
भारत की वैश्विक शैक्षणिक पहचान लगातार ऊंचाई पर पहुंच रही है। 2015 में जहां केवल 11 भारतीय संस्थान QS वर्ल्ड रैंकिंग्स में शामिल थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 46 हो गई है, जो 318% की उल्लेखनीय वृद्धि है। इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार द्वारा शुरू की गई प्रमुख योजनाएं हैं, जैसे 'इंस्टिट्यूशंस ऑफ एमिनेंस' योजना, अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 'अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (ANRF)' के माध्यम से फंडिंग, और 'वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ONOS)' योजना के तहत जर्नल्स और डेटाबेस तक व्यापक पहुंच। इन प्रयासों ने भारत की शैक्षणिक विश्वसनीयता को विश्व भर में सम्मान और पहचान दिलाई है।
अग्रणी भूमिका में महिलाएँ
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों से समावेशिता को बढ़ावा मिला है और इस परिवर्तन में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। महिलाओं का उच्च शिक्षा में नामांकन 32% से अधिक बढ़ा है – जो 2014-15 में 1.57 करोड़ था, वह 2021-22 में बढ़कर 2.07 करोड़ से अधिक हो गया। STEMM (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, गणित और चिकित्सा) क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी 43% तक पहुंच चुकी है, जो लैंगिक समावेश और व्यापक पहुंच को दर्शाती है। IITs और NITs जैसे प्रमुख संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय (DST) की योजनाएं जैसे WISE-KIRAN और GATI (Gender Advancement for Transforming Institutions) ने अधिक महिलाओं को विज्ञान और तकनीक में शिक्षा और पेशेवर भूमिकाएं अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
रोजगार के लिए कौशल
प्रधानमंत्री मोदी ने उच्च शिक्षा में कौशल प्रशिक्षण को एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखा है, जो भारतीय युवाओं की रोजगार क्षमता और उद्योग के लिए तैयार होने की योग्यता को बढ़ाता है। देश की प्रमुख पहल, स्किल इंडिया मिशन के तहत अब तक 2.27 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के माध्यम से 2015 से अब तक देशभर में 1.6 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को कौशल प्रशिक्षण मिला है। इस प्रयास के ठोस नतीजे सामने आए हैं – स्नातक छात्रों की रोजगार योग्यता 2014 में 33.9% से बढ़कर 2024 में 51.3% हो गई है, जिसे शैक्षणिक संस्थानों के साथ कौशल विकास केंद्रों के एकीकरण ने और मजबूत किया है। देश भर के 15,000 से अधिक आईटीआई युवाओं को उद्योग से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण दे रहे हैं। सरकार अगले कुछ वर्षों में 4.1 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित करने और 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रही है, जिससे कौशल और रोजगार से जुड़े प्रयासों को गति मिलेगी।
युवा उद्यमियों का संवर्धन: Seeker से Creator तक का सफर
आज का भारतीय युवा सिर्फ नौकरी की तलाश में नहीं है — वह खुद जॉब क्रीएटर बन रहा है, नए उददयोग खड़ा कर रहा है और देश में नवाचार को आगे बढ़ा रहा है। इस बड़े बदलाव को “स्टार्टअप इंडिया” जैसी पहल ने संभव बनाया है। इस दूरदर्शी योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में लॉन्च किया था।
यह पहल आज भारत के entrepreneurship landscape की तस्वीर ही बदल चुकी है। 2016 में जहां सिर्फ 500 मान्यता प्राप्त स्टार्टअप थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 1.61 लाख से ज़्यादा हो चुकी है और 100 से अधिक यूनिकॉर्न कंपनियाँ बन चुकी हैं।
इन स्टार्टअप्स ने अब तक 17.7 लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार बनाए हैं और इनमें से लगभग 50% Tier II और Tier III शहरों से हैं — जिससे आर्थिक समृद्धि अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रह गई है। विभिन्न क्षेत्रों में फैले ये स्टार्टअप्स हमारे युवाओं के बीच नवाचार, कौशल और उद्यमिता की एक सशक्त संस्कृति का निर्माण कर रहे हैं।
स्थायी प्रभाव: शिक्षा से समावेशिता और सामर्थ्य तक
भारत की higher education प्रणाली ने पिछले 11 वर्षों में अद्भुत बदलाव देखा है। सरकार ने नई संस्थाओं की स्थापना कर, skilling को बढ़ावा देकर और innovation को प्रेरित करके एक ज्यादा समावेशी और industry-aligned प्रणाली तैयार की है।
NEP 2020, ANRF, ONOS, PMKVY, WISE-KIRAN और स्टार्टअप इंडिया जैसी प्रमुख योजनाओं ने न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि युवाओं की employability और भारतीय विश्वविद्यालयों की global competitiveness को भी मजबूत किया है।
इन बदलावों ने भारत में उच्च शिक्षा को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और रोजगार प्रदानकारी बनाया है। इन्हीं अथक प्रयासों के कारण प्रधानमंत्री मोदी के प्रत्येक युवा को विकसित भारत निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए तैयार करने के विजन को बल मिल रहा है।