मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज महिला समरस सरपंच अभिवादन समारोह
250 महिला समरस ग्राम पंचायतों और 2056 महिला सरपंचों-सदस्यों का अभिवादन किया जाएगा
पांच हजार से कम आबादी वाली महिला समरस ग्राम पंचायतों को 3 लाख और पांच हजार से ज्यादा वाली ग्राम पंचायतों को 5 लाख का प्रोत्साहक अनुदान दिया जाएगागांधीनगर, शुक्रवार: मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 10 मार्च, 2012 को गुजरात यूनिवर्सिटी कन्वेंशन सेंटर, अहमदाबाद में महिला समरस ग्राम पंचायतों को पुरस्कार वितरण और महिला समरस ग्राम पंचायतों की सरपंचों और महिला सदस्यों का अभिवादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राज्य की 250 जितनी महिला समरस ग्राम पंचायतों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि 2056 महिला सरपंचों तथा महिला सदस्यों और 624 जितनी सामान्य समरस ग्राम पंचायतों की महिला सरपंचों का भी अभिवादन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से महिला सशक्तिकरण के नये अभिगम के तौर पर ग्राम पंचायतों में महिला समरस ग्राम पंचायत का संकल्प राज्य में साकार हुआ है। इन महिला सरपंच ग्राम पंचायतों में उत्तरोत्तर बढ़ोतरी हुई है और महिला सरपंचों तथा महिला सदस्य ग्राम पंचायतों के कामकाज को सुचारु रूप से संभाल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार वितरण समारोह में पहली बार समरस होने वाली सामान्य तथा महिला ग्राम पंचायतों, जिनकी आबादी पांच हजार से कम है उसे तीन लाख रुपये तथा पांच हजार से ज्यादा आबादी वाली प्रथम बार समरस होने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन के तौर पर पांच लाख का अनुदान दिया जाएगा। दोनों ही मामलों में प्राथमिक शाला में कक्षा-8 की प्राथमिकता से इसे मंजूर किया जाएगा।
निरंतर दूसरी बार समरस होने वाली, पांच हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों को पहली बार की प्रोत्साहक अनुदान की रकम में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी तथा सीसी रोड की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। तीसरी बार समरस होने वाली सामान्य तथा महिला ग्राम पंचायतों को दूसरी बार की प्रोत्साहक अनुदान की रकम में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी तथा सोलर स्ट्रीट लाइट की सुविधा दी जाएगी।
इसी प्रकार दूसरी समरस होने वाली तथा पांच हजार से ज्यादा आबादी वाली सामान्य और महिला ग्राम पंचायतों को प्रथम बार की प्रोत्साहक अनुदान की रकम में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी तथा सीसी रोड, जबकि तीसरी बार समरस होने वाली सामान्य तथा महिला ग्राम पंचायतों को दूसरी बार की प्रोत्साहक अनुदान की रकम में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी और गांव में स्ट्रीट लाइट की सुविधा दी जाएगी।
इस महिला सम्मेलन में राज्य सरकार के विभागों की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं संबंधी प्रेजेन्टेशन पेश किया जाएगा। ग्राम विकास, पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, बायो गैस, जलस्त्राव और मिशन मंगलम् जैसी योजनाओं की जानकारी देने वाली प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।


