महात्मा मंदिर : गुजरात पुलिस के तत्वावधान में शानदार पुलिस पदक अलंकरण समारोह संपन्न
गुजरात पुलिस ने कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर काम किया : मुख्यमंत्री
गुजरात के 205 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति के वीरता पदक से श्री मोदी ने किया विभूषित
अहमदाबाद, बुधवार: गुजरात पुलिस ने कानून और व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। इसके लिए समग्र पुलिस बल बधाई का पात्र है। महात्मा मंदिर, गांधीनगर में आयोजित पुलिस अलंकरण के शानदार समारोह में यह बात श्री मोदी ने आज कही। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के वीरता पदक हासिल करने वाले गुजरात पुलिस बल के 205 पुलिस, होमगाड्र्स, जेल अधिकारियों और जवानों को विशिष्ट राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया। श्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह सम्माननीय पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मी अपने यशस्वी कर्तव्यों के लिए सम्मान के पात्र बने हैं और इसका अनोखा गौरव है। जिन्होंने अपने कर्तव्य निभाते हुए वीर गति प्राप्त की, ऐसे मरणोपरांत पदक प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारी भी विशेष सम्मान के हकदार हैं।1960 से आज तक जो कर्तव्य निभाते हुए वीर गति को प्राप्त हुए हैं उनकी संपूर्ण वीरता गाथा दर्शाती हुई पुस्तक तैयार हो और कराई पुलिस अकादमी के नये प्रशिक्षणार्थियों के पाठ्यक्रम में यह शामिल हो, यह सुझाव मुख्यमंत्री ने दिया।
श्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि राज्य के पुलिस बल में नये शामिल हुए अनेक जवान टेक्नोसेवी और उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। यह भविष्य में गुजरात पुलिस की नई ताकत बनेंगे। इतना ही नहीं, गुजरात पुलिस में संख्या बल की दृष्टि से भारी संख्या में युवा-सामथ्र्यवान, वीर-साहसी और समर्पण की भावना वाले पुलिसकर्मियों की नई शक्ति शामिल हुई है। इनको वरिष्ठ और अनुभवी पुलिस अधिकारियों का प्रेरक नेतृत्व मिले तो गुजरात पुलिस का आने वाला कल बहुत सामथ्र्यवान बनेगा।
श्री मोदी ने कहा कि गुजरात में विकास की वजह से शांति का माहौल बना है और यह शांति का माहौल ही विकास को ज्यादा गति देता है। समाज में तनाव, आक्रोश और असमंजस की स्थिति नहीं के बराबर है। दस वर्षों से जनता और पुलिस के बीच संघर्ष नहीं हो रहे हैं। गुजरात में शांति का वातावरण पुलिस बल के लिए सतर्क रहने की चुनौती भी है। शांतिपूर्ण गुजरात में पुलिस को ज्यादा कारगर बनाने और सतर्क रहने की चुनौती स्वीकार करने के लिए नेतृत्व करने का उन्होंने आह्वान किया।
इस सन्दर्भ में पुलिस ड्युटी की ड्रिल और मॉक ड्रिल के लिए समग्र पुलिस महकमे को तैयार करने का सुझाव देते हुए श्री मोदी ने अपेक्षा जतायी कि टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी पुलिस बल आधुनिक बनेगा। श्री मोदी ने सुझाव दिया कि गुजरात की फोरेन्सिक साइंस यूनिवर्सिटी, रक्षाशक्ति यूनिवर्सिटी और गुजरात लॉ यूनिवर्सिटी के तीन आधारस्तंभों पर गुजरात का पुलिस बल सामथ्र्यवान पुलिस के लिए उत्तम मानव संसाधन शक्ति खड़ी करे।
पुलिस के प्रति जनता की सद्भावना बढ़े और समाज को पुलिस सुरक्षा का भरोसा दे, ऐसी स्थिति का निर्माण करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री श्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ जन शिक्षा को व्यापक दायरे पर ले जाने और समाज के साथ संवाद के लिए नये आयामों की सराहना की।
आज के इस गरिमापूर्ण पदक वितरण समारोह में वर्ष 2001 से 2011 तक महामहिम राष्ट्रपति द्वारा गुजरात पुलिस के अधिकारियों, पुलिस कर्मचारियों के लिए घोषित तीन मरणोपरांत वीरता पदक, पांच वीरता पदक, 13 विशिष्ट सेवा पदक, 154 प्रशंसनीय सेवा पदकों के साथ ही 40 होमगार्ड के जवानों को घोषित किए हुए पदक मुख्यमंत्री श्री मोदी ने प्रदान किए।
कानून मंत्री दिलीप संघाणी, गृह राज्य मंत्री प्रफुलभाई पटेल, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. वरेश सिन्हा, पुलिस महानिदेशक चितरंजन सिंह सहित कई पुलिस अधिकारीगण, पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारजन इस मौके पर मौजूद थे।



