श्री मोदी को बताया विकास के लिए दूरदर्शी और दिग्गज नेता

गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से आज हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने औपचारिक मुलाकात की। श्री बिश्नोई ने कहा कि ऐसा नहीं है कि गुजरात के विकास और मुख्यमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और व्यक्तित्व से वे अकेले ही प्रभावित हुए हैं, बल्कि अब तो श्री नरेन्द्र मोदी विकास के लिए दुनिया भर में लोगों के दिलों में राज करने वाले एक दूरदर्शी और दिग्गज नेता बन चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि कुलदीप बिश्नोई हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनीतिज्ञ स्व. श्री भजनलाल के सुपुत्र हैं। पहली बार गुजरात आने और गुजरात के विकास को लेकर जो कुछ सुना था, उसकी वास्तव में अनुभूति होने का जिक्र करते हुए श्री बिश्नोई ने इसका श्रेय मुख्यमंत्री श्री मोदी को दिया। उन्होंने गुजरात के विकास को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्पद करार दिया।
श्री बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा में सामान्य नागरिक भी विकास की चर्चा छिड़े तो ‘मोदी के गुजरात’ का गौरवपूर्वक जिक्र करता है। देश का प्रधानमंत्री कैसा हो, इस विषय पर चहूंओर सभी लोगों की जुबां पर श्री नरेन्द्र मोदी का नाम आता है। उन्होंने कहा कि देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए श्री मोदी युवावर्ग ही नहीं समग्र जनता के रोल मॉडल बन गए हैं।


