डांग के 667 पूर्व राजाओं, नायकों और भाउबंधों के
राजनैतिक पेंशन में मुख्यमंत्री ने की 25 फीसदी की बढ़ोतरी
गांधीनगर, बुधवार: मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने डांग जिले के पूर्व राजाओं, नायकों तथा भाउबंधों को चुकाए जाने वाले राजनैतिक पेंशन (सालियाना) में 1 अप्रैल-2012 से 25 फीसदी की बढ़ोतरी करने का निर्णय किया है।राज्य सरकार के प्रवक्ता स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास और ऊर्जा राज्य मंत्री सौरभभाई पटेल ने इस प्रशंसनीय निर्णय की जानकारी दी।
प्रवक्ताओं ने कहा कि वनवासी बाहुल्य क्षेत्र डांग जिले के पूर्व राजाओं, नायकों और भाउबंधों से उनके आधिपत्य वाली जंगल की जमीन-जागीर और जंगल क्षेत्र हस्तगत करने के बदले और उनके मूलभूत हकों तथा विशेष अधिकारों के भाग रूप में राजनैतिक पेंशन वर्ष 1954 से वार्षिक, स्थायी और पैतृक तौर पर दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस पेंशन में 1 अप्रैल, 2012 से 25 फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसका लाभ डांग के पांच राजाओं, 9 नायकों और 653 भाउबंधों को प्राप्त होगा।
प्रवक्ता मंत्रियों ने कहा कि आदिजाति-वनबंधुओं के लोकोत्सव-होली पर्व के अवसर पर प्रतिवर्ष डांग जिले में आयोजित होने वाले परंपरागत डांग दरबार में इन राजाओं का सम्मान कर राज्य सरकार उन्हें सालियाना यानी कि राजनैतिक पेंशन की रकम इनायत करती है।


